
Ranchi : सिमडेगा में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-45) के निर्माण का काम पिछले साल से चल रहा है. कोलेबिरा से बांसजोर के बीच लगभग 80 किमी की सड़क तैयार की जा रही है. इसके निर्माण में गड़बड़ियों की शिकायत मिलने के बाद सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने बुधवार को सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया.
क्वालिटी को लेकर नाराजगी जतायी. संवेदक सुप्रीयर कंस्ट्रक्शन कंपनी से कहा कि थूक पॉलिश करके सड़क मत बनाइये. अगले महीने सिमडेगा में नेशनल हाकी चैंपियनशिप से पहले क्वालिटी वर्क के साथ काम पूरा करें.
इसे भी पढ़ें: पलामू: पुलिस-जेजेएमपी उग्रवादियों में मुठभेड़, एरिया कमांडर ढेर
पहले भी दी है वार्निंग
भूषण बाड़ा ने संवेदक से कहा कि सड़क निर्माण के उद्घाटन के दौरान ही कहा गया था कि सड़क निर्माण में क्वालिटी का हर हाल में ध्यान रखना है. इसके बाद भी कई बार संवेदक को चेतावनी दी गयी है. बावजूद इसके इस पर ध्यान नहीं दिया गया है.
मार्च में देश भर के हाकी खिलाड़ी, कोच इसी रास्ते से सिमडेगा आयेंगे-जायेंगे. खराब सड़क पर मूवमेंट से सिमडेगा की गलत छवि देशभर में जायेगी. ऐसे में किसी भी हाल में क्वालिटी से समझौता नहीं किया जायेगा.
इसे भी पढ़ें: वादे हैं, वादों का क्या….विधानसभा में किये गये 1530 ‘वादे’ हैं लंबित
सड़क निर्माण की जांच
विधायक के अनुसार संवेदक का रिकॉर्ड सड़क निर्माण में खराब रहा है. उनकी जानकारी के अनुसार दूसरे राज्यों में इसकी अच्छी छवि नहीं रही है.
सिमडेगा में काम बेहद सुस्त गति के साथ-साथ दोयम दर्जे के साथ किया जा रहा. जल्दी ही इस कंपनी के द्वारा किये गये सड़क निर्माण कार्यों की जांच करायी जायेगी. बिहार की तरह यहां भी इसे ब्लैक लिस्ट कराया जायेगा.
इसे भी पढ़ें: आत्महत्या के लिए कार लेकर खदान में कूद गया युवक, बचाया गया




