
Ranchi: राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी की हाजत से फरार अपराधी राजू गोप को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने राजू गोप को नगड़ी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार राजू गोप की निशानदेही पर पुलिस कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
मालूम हो कि तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हजाम गांव के पास जंगल में पोस्टर साट कर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने राजू गोप को 18 जुलाई 2020 को गिरफ्तार किया था.
स्थानीय लोगों ने घेराव कर खूब हंगामा किया था. हंगामे के बीच पुलिस उसे मेडिकल और कोरोना टेस्ट कराने अस्पताल ले गयी थी. इसके बाद कोर्ट में प्रस्तुत किया गया था. शाम होने की वजह से राजू गोप को जेल नहीं भेजा जा सका और उसे सीठियो टीओपी में रखा गया था.
इसे भी पढ़ें :राजधानी में बाघ जैसा जानवर दिखायी पड़ा! वन विभाग ने खोजने के लिए रेंजर को भेजा
हाजत नहीं होने की वजह से उसे टीओपी के एक कमरे में रखा गया था. उसकी सुरक्षा में टीओपी में तीन जवान तैनात किये गये थे. जवानों के सो जाने के बाद अपराधी राजू ने कमरे का दरवाजा खोला और सीठियो होते हुए पैदल फरार हो गया था.




