
- बाबा के तिलकोत्सव में पहुंचने लगे मिथिलांचल के श्रद्धालु
Deoghar: बसंत पंचमी मेले की धूम से बाबा नगरी देवघर में मिथिलांचल का नजारा देखने को मिल रहा है. मिथिलांचल के श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगने लगा है. ये लोग कल मंदिर में बाबा के तिलकोत्सव में भाग लेंगे. आज बाबा मंदिर प्रांगण शिव भक्तों से पट गया.
कांवर में जल भरकर पहुंचे भक्तों से यहां की धर्मशाला स्कूल भवन व विशाल मैदान खचाखच भरा हुआ है. हजारों कांवरिया ने जलाभिषेक किया. वसंत पंचमी के अवसर पर जलाभिषेक करने के बाद मिथिलांचल के लोग अबीर गुलाल लगा कर बाबा का तिलकोत्सव करेंगे. उसके बाद एक दूसरे को गुलाल लगाएंगे और उत्सव मनाएंगे.
मान्यता है कि मिथिला में आज से फगुवा शुरू हो जाता है एवं फाग गीत बाबा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होता है. यह सिलसिला मिथिलावासी होली तक मनाते हैं. महाशिवरात्रि को हिमराज की पुत्री माता पार्वती के साथ शादी रचाने के लिए तराई क्षेत्र के मिथिलावासी आमंत्रित करेंगे.

आयोजन के लिए कहीं पर विद्यापति रचित भजन हो रहा है तो कहीं पर शिव नचारी गाई जा रही है. मिथिलांचल से आए कांवरिया अपने साथ खाना बनाने के सामान के साथ डेरा डाले हुए हैं. बसंत पंचमी को बाबा का तिलकोत्सव मनाते हैं.
यह परंपरा सन 1534 यानी लगभग 500 वर्षों से निर्वाह की जा रही है. तिलक में श्रद्धालुओं द्वारा बाबा पर मिथिला से लाए हुए पहली फसल की धान की बाली. शुद्ध घी लड्डू, आम का मंजर बाबा पर श्रद्धालु अर्पित करते हैं. मिथिला से आए श्रद्धालु अपने आप को बाबा का साला बताते हैं. मिथिलांचल के लोगों के आगमन से देवनगरी में वसंतोत्सव का माहौल भक्तिमय हो गया है.
यातायात व्यवस्था चरमराई
बसंत पंचमी मेला को लेकर मंदिर शिवगंगा के अलावे रंगा मोड़ क्षेत्र में कांवरिया वाहनों की जमघट लगने से यातायात व्यवस्था चरमरा गयी है. स्थानीय और बाहर से आने वाले कांवरियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है.
शिवगंगा लक्ष्मीपुर चौक के अलावा आरएल सर्राफ स्कूल के आस-पास कांवरिया वाहन का जमघट लगा हुआ है. सीता होटल, शिवगंगा तट, बम बम बाबा कुटिया की ओर से वाहनों के जाम लगने लगा है. वहीं जिला प्रशासन की ओर से दर्शनिया मोड़, सीता होटल चौक, लक्ष्मीपुर चौक पर बैरियर लगाया गया है. उसके बावजूद चारों ओर से बड़ेबड़े वाहन श्रद्धालुओं द्वारा यत्र-तत्र लगा दिये गये हैं.




