
Palamu : पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के बैरिया में स्थित बिजली उपकरण से भरे एक गोदाम में रविवार की रात आग लग गयी. आग की लपटें रात भर उठती रही. सुबह चार बजे आग पर काबू पाया गया. आग को बुझाने में दमकल की 7 गाड़ियों का पानी इस्तेमाल किया गया. समय पर आग नहीं बुझती तो उससे सटके स्थित भारत गैस के गोदाम से जान माल को भारी नुकसान हो सकता था. हालांकि आग कैसे लगी, इसके कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं. फायर ब्रिगेड और जिला पुलिस की टीम मामले में छानबीन कर रही है.
बताया जाता है कि शनिवार की रात करीब 10 बजे बैरिया के विमला पांडे मेमोरियल ज्ञान निकेतन स्कूल के समीप स्थित एक बिजली उपकरण से भरे गोदाम में आग लग गयी. आग की तेज लपटों को देखकर वहां तैनात गार्ड ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी. सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम और टीओपी 3 की पुलिस मौके पर पहुंच गयी. आग बुझाने का सिलसिला शुरू हुआ और रविवार की तड़के 4 बजे तक चला.
इसे भी पढ़ें :कृषि बिल लाने के लिए भाजपा किसान मोर्चा ने मोदी सरकार के प्रति जताया आभार
फायर ब्रिगेड के प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि बिजली उपकरण से भरे गोदामनुमा स्थान पर आग लगी थी. फाइबर का सामान होने के कारण आग की लपटें काफी तेज थी. रास्ता संकीर्ण रहने के कारण मौके पर पहुंचने में परेशानी हुई. बाद में जब मौके पर पहुंचे तो वहां आग बुझाने में भी कर्मियों को भारी परेशानी हुई.
संकीर्ण रास्ते से दमकल के वाहनों को मौके पर भेजने में समस्या आ रही थी, बावजूद घटनास्थल से सट कर गैस गोदाम रहने के कारण तत्परता दिखाई गयी और बड़ी घटना को होने से टाल दिया गया. समय से आग नहीं बुझायी जाती तो संभावना थी कि गैस गोदाम भी इससे प्रभावित हो जाता और आसपास के घरों को भी इसकी चपेट में ले लेता. उन्होंने कहा कि करीब 7 गाड़ियों के पानी से आग पर काबू पाया गया.
इसे भी पढ़ें :CCD के फाउंडर वीजी सिद्धार्थ के बेटे की कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष की बेटी ऐश्वर्या से हुई शादी
इधर, टीओपी -3 के प्रभारी अभिमन्यु कुमार ने बताया कि आग गैस गोदाम से सटकर लगी थी. समय पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचता तो बड़ा नुकसान हो सकता था. उन्होंने कहा कि जिस जगह पर गैस गोदाम स्थित है, उससे सटकर घनी आबादी निवास करती है. ऐसे स्थान पर गैस गोदाम नहीं चलना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस दिशा में छानबीन की जा रही है. साथ ही संचालक को आबादी से दूर गैस गोदाम का संचालन करने का आग्रह किया गया है.




