
Koderma : जिला मुख्यालय से सटे फुलवरिया के पास चाल धंसने से आधा दर्जन से अधिक लोग उसमें दब गये हैं. इनमें से चार लोगों की मौत की सूचना है. घटना गुरुवार शाम की है.
जानकारी के अनुसार, फुलवरिया से सटे मेहरिया के पास माइका स्क्रैप (ढिबरा) चुनने के दौरान चाल धंसने से आधा दर्जन से अधिक लोग दब गये. इसमें चार लोगों की मौत होने की बात बतायी जा रही है, जबकि दो लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने किसी तरह बाहर निकाल लिया, जिनकी स्थिति गंभीर है.
बताया जा रहा है कि पूर्णानगर के महेंद्र दास, चंदर दास और लखन दास तथा फुलवरिया की महिला पार्वती देवी के अलावा डुमरियाटांड़ के राजेश सिंह घटवार, संजय सिंह घटवार और कुछ अन्य ढिबरा चुनने के दौरान चाल धंसने से दब गये. इनमें से राजेश सिंह घटवार और संजय सिंह घटवार को ग्रामीणों ने निकाल लिया, जिनकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है.
इसे भी पढ़ें- आईये जानते हैं किस हाल में है झारखंड का ‘टाईगर’
एसडीपीओ और थाना प्रभारी पहुंचे घटनास्थल
घटनास्थल पर एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद और थाना प्रभारी द्वारिका राम के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे हैं. दबे लोगों और शवों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है.
बताया जाता है कि वहां अवैध रूप से माइका स्क्रैप चुनने और निकालने का काम लंबे अरसे से चल रहा है. करमा के इस्लाम मियां द्वारा कार्य कराये जाने की सूचना है.
इसे भी पढ़ें- सरना कोड की मांग को लेकर राजभवन के समक्ष आदिवासी संगठनों ने दिया धरना, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन




