पटनाः राजधानी में एक स्कूली छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म और उसका अश्लील एमएमएस व सीडी बनाने के मामले में मुख्य आरोपित प्रशांत झा की गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को पुलिस ने दो अन्य आरोपितों अरमान सांईं व राहुल लांबा को गिरफ्तार कर लिया. अरमान को सारण, जबकि राहुल को जालंधर से पकड़ा गया. प्रशांत ने बुधवार को शिमला में पुलिस के समक्ष सरेंडर किया था.
इधर,पटना के सीजेएम कोर्ट में पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कराया. विशेष मेडिकल बोर्ड ने उसकी जांच की. वहीं, राजवंशीनगर में रंभा अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 301 की तलाशी ली गयी. यह फ्लैट झारखंड में तैनात एक अधिकारी का है. उसका बेटा सुशांत भी सामूहिक दुष्कर्म में शामिल बताया गया है. वह फरार है. उसके ही फ्लैट में छात्रा से दुष्कर्म किया गया था. इस मामले में पुलिस को एक अन्य आरोपित ऋषभ सिंह की भी तलाश है.
सचिवालय डीएसपी मनीष कुमार सिंह के नेतृत्व में पटना पुलिस ने राजवंशीनगर के रंभा अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर, 301 का ताला तोड़ कर उसकी तलाशी ली. इस दौरान स्पर्म लगा बेडशीट, दर्जन भर कंडोम, लड़के-लड़की के 50 जोड़े कपड़े और इंटीरियर के सामान बरामद किये गये है. यह फ्लैट झारखंड में तैनात सुरेश पासवान नाम के एक अधिकारी का है. पुलिस को उसके बेटे सुशांत की तलाश है. डीएसपी ने बताया कि इसी फ्लैट में छात्र के साथ उसके पांचों सहपाठियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था.
उधर, अरमान को सारण के दाउदपुर थाने के जैतपुर सांईं टोले से पकड़ा गया. वह रोजी सांईं का बेटा है. जालंधर से पकड़ा गया राहुल लांबा एक ब्यूटीशियन का बेटा है. उसकी मां पटना के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है.
पुलिस ने गुरुवार को पीड़िता को सीजेएम रमाकांत यादव की अदालत में पेश किया. श्री यादव के निर्देश पर न्यायिक दंडाधिकारी रश्मि ने भादंवि की धारा 164 के तहत पीड़िता का बयान दर्ज किया. पीडिता ने इस मामले को लेकर हुए फोन कॉल, घटनास्थल का ब्योरा और प्रमुख आरोपितों के नाम व उनके साथ संबंधों की जानकारी दी. न्यायिक दंडाधिकारी ने बयान सील बंद कर कोर्ट रेकॉर्ड में रखने का निर्देश दिया. इससे पहले मंगलवार को बिहार राज्य महिला आयोग ने पीड़िता का बयान रेकॉर्ड किया था, जिसके बाद सुल्तानगंज स्थित महिला थाने में भादंवि की धारा 376 और सूचना प्रौद्योगिकी कानून (आइटीएक्ट) व अन्य संगत कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.




