
Ranchi: कुछ ही महीनों बाद पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं. कांग्रेस पार्टी अब इसमें अपना झंडा गाड़ने को बेताब है. चुनाव मैदान में अपना जलवा बिखेरने को कांग्रेस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. यही वजह है कि उसकी ओर से झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री और पाकुड़ विधायक आलमगीर आलम को अब मिशन बंगाल पर लगाया जा रहा है.
इसके लिए बुधवार को कांग्रेस के महासचिव के सी वेणुगोपाल की ओऱ से मीडिया में सूचना जारी की गयी है. इसके मुताबिक ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी की प्रमुख सोनिया गांधी ने आलम के राजनीतिक कौशल का इस्तेमाल करने पर अपनी मंजूरी लगायी है. मंत्री रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, बादल सहित दूसरे कांग्रेसी नेताओं ने इसके लिये आलम को बधाई दी है.
इसे भी पढ़ें-पत्नी से झगड़ा होने के बाद युवक ने कर लिया सुसाइड
तीन धुरंधर संभालेंगे बंगाल की कमान
इस साल चार राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. असम, केरल, तमिलनाडु औऱ पुडूचेरी तथा पश्चिम बंगाल. बंगाल के लिये बीके हरिप्रसाद और विजय इंदर सिंगला के साथ साथ आलमगीर आलम को ड्यूटी पर लगाया गया है.
इसी तरह अलग-अलग राज्यों के लिये भी कई धुरंधरों से सेवाएं ली जायेंगी. पार्टी ने असम के लिये भूपेश बघेल, मुकुल वासनिक औऱ शकील अहमद खान मोर्चे पर जमेंगे. केरल के लिए अशोक गहलोत, लुइजिन्हो फलेरियो और जी परमेश्वर पर पार्टी ने भरोसा जताया है.
तमिलनाडु और पुडूचेरी के लिये एम वीरप्पा मोइली, एम एम पल्लम राजू और नितिन राउत को लगाया गया है. पार्टी द्वारा जारी सूचना के अनुसार ये सभी लीडर विधानसभा चुनावों के दौरान सीनियर ऑब्जर्वर के तौर पर सेवा देंगे. वे चुनाव प्रचार अभियान औऱ जरूरी समन्वय स्थापित करने में अपनी जिम्मेदारी निभायेंगे.
इसे भी पढ़ें-जमशेदपुर में चार कौओं की मौत, बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट हुआ पशुपालन विभाग
असेंबली स्पीकर, मंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं आलम
झारखंड सरकार में वर्तमान में कैबिनेट मंत्री आलमगीर आलम के पास लंबा राजनीतिक तजुर्बा है. पाकुड़ की जनता का भरोसा वे लंबे अरसे से विधानसभा चुनावों में जीतते रहे हैं.
लाखों मतों के अंतर से वे इस विधानसभा सीट से विधानसभा पहुंचते आये हैं. झारखंड विधानसभा के स्पीकर का दायित्व भी निभा चुके हैं.




