
Kolkatta : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दीदी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है. पार्टी में उनके साथी रहे लोग एक-एक करके साथ छोड़ते जा रहे हैं.
अब हावड़ा उत्तर से विधायक और पश्चिम बंगाल के युवा और खेल मामलों के राज्य मंत्री लक्ष्मी रतन शुक्ला ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इससे पहले ममता के पुराने साथी रहे शुभेंदु अधिकारी भी पार्टी छोड़ कर भाजपा का दामन थाम चुके हैं.
पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला के इस्तीफे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि कोई भी इस्तीफा दे सकता है. उन्होंने अपने त्यागपत्र में कहा है कि वे खेल को ज्यादा समय देना चाहते हैं और विधायक पद पर बने रहेंगे. इसे निगेटिव तरीके से मत लें.
इसे भी पढ़ें : सीएम के काफिले पर हमला करनेवालों पर हो सख्त कार्रवाईः पुलिस एसोसिएशन
राजनीति से लेना चाहते हैं संन्यास, आइपीएल खेल चुके हैं
शुक्ला ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपना इस्तीफा भेजा है और उन्होंने इसकी एक प्रति राज्यपाल जगदीप धनखड़ को भी भेजी है. मंत्री पद से इस्तीफा सौंपते हुए लक्ष्मी रतन शुक्ला ने त्यागपत्र में लिखा है कि वह राजनीति से संन्यास लेना चाहते हैं. पूर्व क्रिकेटर शुक्ला बंगाल की रणजी टीम के पूर्व कप्तान भी रह चुके हैं. उन्होंने टीम इंडिया के लिए तीन वनडे मैच खेलते हैं. इसके अलावा, आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली डेयरडेविल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए भी खेल चुके हैं.
इसे भी पढ़ें : भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में शिरकत नहीं करेंगे ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन
लक्ष्मी के इस्तीफे से ममता को कितना होगा नुकसान
बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार में लक्ष्मी रतन शुक्ला न सिर्फ विधायक हैं, बल्कि खेल राज्य मंत्री भी बनाए गये थे. उन्होंने साल 2016 में हुए बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले टीमएसी का दामन थामा था और फिर ममता ने उन्हें हावड़ा उत्तर से टिकट दिया. चुनाव में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की. शुक्ला ने कांग्रेस के उम्मीदवार संतोष कुमार पाठक को हावड़ा उत्तर सीट से पराजित किया था.
इसके बाद, जब ममता बनर्जी ने फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली तो उन्होंने शुक्ला को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए मंत्री पद दिया. अब पांच साल बाद शुक्ला ने अपने मंत्री पद से उस समय इस्तीफा सौंपा है, जब ममता बनर्जी की टीएमसी को अपने नेताओं की सख्त जरूरत थी. ममता की पार्टी बुरे दौर से गुजर रही है, जहां पर एक-एक करके कई साथी मुख्यमंत्री का साथ छोड़ते जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : एक्मे क्लासेस के निदेशक को हिसारत में लिये जाने का विरोध, विद्यार्थियों ने किया सुखदेव नगर थाना का घेराव




