
Ranchi: रांची पुलिस ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास मुर्गी व्यवसायी से मोबाइल व रुपये लूटने वाले दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में हिंदपीढ़ी का मो दानिश और किशोरगंज निवासी अक्षय कश्छप शामिल है. पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे हुए 36 सौ रुपये और मोबाइल भी बरामद कर लिया है.
पूछताछ के क्रम में आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार किया है. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे काफी दिनों से लूटपाट कर रहे हैं. क्रिसमस मनाने के लिए पैसे नहीं थे. इस वजह से सरस्वती शिशु मंदिर के पास ऑटो से जा रहे व्यक्ति से लूटपाट की. आरोपियों ने लूटपाट करने वाले अपने अन्य साथियों के नामों का भी पुलिस के समक्ष खुलासा किया है.
इसे भी पढ़ें – हजारीबाग : कारोबारी से आठ लाख लूटने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, इचाक पुलिस को मिली सफलता
दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस की टीम ने मामले की जांच शुरू की. उस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों से पुलिस की टीम ने फुटेज निकाला. इसके बाद गुप्तचरों की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान की. शनिवार की रात पुलिस की टीम ने पहले हिंदपीढ़ी निवासी मो दानिश को उसके घर से गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अक्षय को पकड़ा. दोनों के पास से पुलिस ने लूटा हुआ सामान भी बरामद कर लिया.
25 को दिनदहाड़े मुर्गी व्यवसायी से की थी लूटपाट
बहरागोड़ा निवासी सुप्रभात साव बीते 25 दिसंबर को मुर्गी बेचकर ऑटो से अपने घर लौट रहा था. चुटिया सरस्वती शिशु मंदिर के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोका. हथियार के बल पर पैसे की मांग करने लगे. विरोध करने पर अपराधियों ने उनके ऑटो का शीशा तोड़ दिया. इसके बाद जबरन अपराधियों ने उनसे मोबाइल और 36 सौ रुपये लूट लिये और फरार हो गये. इस संबंध में सुप्रभात ने चुटिया थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
इसे भी पढ़ें – 48 दिनों का होगा 2021 में हरिद्वार में लगनेवाला कुंभ मेला, कराना होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन




