
Jamtara : राज्य की सत्ता बिचौलिये के हाथों गिरवी है. जिस वजह से राज्य में भ्रष्टाचार व कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं रह गई है. यह बातें झारखंड के पहले मुख्यमंत्री व भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने जामताड़ा परिसदन में प्रेस वार्ता में कही. संथाल दौरे के क्रम में मरांडी ने कहा है कि झारखंड का मुखिया कोई और है.
तबादले में नहीं चल रही है मुख्यमंत्री की
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पुलिस विभाग के पदाधिकारियों के पहले तबादले हो रहे हैं फिर रद हो जा रहा है. पुलिस पदाधिकारियों के तबादले के नियम होते हैं, जो इन दिनों ताक पर हैं. तबादलों में मुख्यमंत्री की नहीं चल रही है. राज्य भ्रष्टाचार, लूट, हत्या जैसी घटनाएं बढ़ गईं हैं, यहां लॉ एंड आर्डर नाम की कोई चीज नहीं रह गयी है.
इसे भी पढ़ेः पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर के कपाट खुले, फिलहाल स्थानीय भक्तों को ही अनुमति
राज्य में 15 सौ महिलाओं का बलात्कार व हत्या
बाबूलाल ने कहा कि राज्य में लॉकडाउन के बाद कोई विकास तो हुआ नहीं. लेकिन 1500 से अधिक महिलाओं की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई. इनमें सबसे ज्यादा बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाएं हुईं. पहले संथाल परगना शांत जगह माना जाता था, यह भी अपराध से अछूता नहीं रहा.
उन्होंने अपने मुख्यमंत्रित्व काल को याद करते हुए कहा कि उनके समय मे थाने में कोई गाड़ी नहीं रहती थी. पुलिस बाइक से क्राइम कंट्रोल में लगी रहती थी. उग्रवाद पर भी लगाम था. इस सरकार के कार्याकाल में राज्य की राजधानी रांची में खुलेआम उद्योगपतियों को मोबाइल से धमकाते हैं कि पैसे नहीं देने पर हत्या कर देंगे. 15 अगस्त के दिन मोरहाबादी मैदान के समीप एक अखबार के दफ्तर में हमला बोल दिया.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खजाना में पैसे नहीं होने की रोना रोते हैं. लेकिन खजाना में पैसे कहां से आएगा, जब खनिजों की अवैध ढुलाई व निकासी होगी. खनिजों की खुलेआम चोरी हो रही है. पत्थर, कोयला, लोहा का अवैध कारोबार चल रहा है.
बरगलाया जा रहा है किसानों को
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कृषि कानून के नाम पर भोले-भाले किसानों को बरगलाया जा रहा है. केंद्र सरकार नया कृषि कानून किसानों के हित में है. इस कानून को लेकर किसानों को बरगलाया जा रहा है. एमएसपी समाप्त हो जाने का डर बता कर किसानो को बरगलाया जा रहा है. उन्होंने राज्य सरकार पर किसानों को ठगने का आरोप लगाया है. कहा कि राज्य सरकार धान की खरीद नहीं करवा पा रही है. किसान औने-पौने कीमत पर धान बेचने को मजबूर हैं.
एक साल में एक भी वायदे पूरे नहीं
बाबूलाल ने कहा कि झारखंड में गठबंधन की सरकार को एक साल होने को है, लेकिन जनता से किया हुआ एक भी वादा पूरा नहीं किया गया. कहा था कि एमए पास, बीए पास को 5 से 7 हजार रुपये भत्ता दिया जाएगा. अभी तक किसी को कुछ नहीं मिला. सत्ता में आते ही 5 लाख बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, यह भी पूरा नहीं हुआ. इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सोमनाथ सिंह, बीरेंद्र मण्डल, सत्यानंद झा, मीडिया प्रभारी अंगभूति झा आदि भी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ेःपांचवी की छात्रा को गर्भवती करने वाला गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर कर रहा था यौन शोषण




