
Ranchi : राज्य को बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनाने को लेकर सरकार गंभीर है. सीएम हेमंत सोरेन ने इस संबंध में ऊर्जा विभाग को ठोस तरीके से आगे बढ़ने को कहा है. बुधवार को विभागीय समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली उत्पादन के लिए कोयला और पानी समेत सभी संसाधन उपलब्ध हैं. बावजूद इसके राज्य अपनी जरूरतों के हिसाब से बिजली उत्पादन नहीं कर पा रहा है. डीवीसी पर निर्भरता को खत्म करना है. इसके लिए ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की योजना बने. बिजली व्यवस्था को बेहतर बनायें. सौर ऊर्जा के प्रयोग को बढ़ावा देने पर भी बात हुई. इससे राजस्व में भी इजाफा होगा. समीक्षा के दौरान सीएस सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त केके खंडेलवाल, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे.
महंगी बिजली से राजस्व का नुकसान
सीएम ने कहा कि बिजली के लिए डीवीसी पर निर्भरता खत्म की जाये. डीवीसी कमांड एरिया वाले 7 जिलों में बिजली आपूर्ति के लिए महंगी बिजली खरीदनी पड़ती है. इससे राजस्व का नुकसान होता है. अब डीवीसी कमांड एरिया में ट्रांसमिशन लाइन और सब स्टेशन बनाने के काम में तेजी लायी जाये. विभाग के मुताबिक लातेहार-चतरा के बीच ट्रांसमिशन लाइन और सब स्टेशन बन कर तैयार हैं. इसके चालू होने से एक और जिले में बिजली के लिए डीवीसी पर निर्भरता खत्म हो जायेगी. डीवीसी से लगभग पांच रुपये यूनिट बिजली खरीदनी पड़ती है. इसके चालू होने से लगभग 3 रुपये प्रति यूनिट बिजली मिलेगी. बिजली बिल वितरण और संग्रहण की व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्देश विभाग को सीएम ने दिया.
अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा
राज्य में रिन्यूएबल एनर्जी को बढ़ावा देने पर काम अब तेज किया जायेगा. इससे बिजली उत्पादन और इसमें आने वाली लागत को कम करने में मदद मिलेगी. सीएम ने सौर ऊर्जा आधारित बिजली व्यवस्था को बनाने की दिशा में पहल करने पर जोर दिया. डैम आदि के किनारे हाइडल पावर प्लांट की संभावनाओं को भी देखा जायेगा. विभाग के मुताबिक अल्ट्रा मेगा सोलर पावर प्लांट और सोलर पावर पार्क बनाने की योजना तैयार की गयी है. विभाग के मुताबिक स्मार्ट मीटरिंग कार्यक्रम के तहत सभी जिलों में नये मीटर लगाये जा रहे हैं. रांची में लगभग 3.5 लाख स्मार्ट मीटर लगाये जायेंगे. राज्य में 45 हज़ार किसानों ने सोलर वाटर पंप के लिए विभाग के पास आवेदन जमा किये हैं. विभाग में मैनपावर की कमी के कारण बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने औऱ राजस्व संग्रहण के काम पर असर पड़ रहा है. सीएम ने इसके लिए लाइनमैन समेत सभी खाली पदों को भरने को कहा.




