
Palamu/Latehar : पलामू प्रमंडल में इन दिनों हर दिन सड़क हादसे हो रहे हैं. पिछले 36 घंटे के दौरान 3 लोगों की मौत हो गयी है. एनएच 98 डालटनगंज-औरंगाबाद मुख्य पथ पर हरिहरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार दो युवकों की मौत के बाद एनएच 39 डालटनगंज-रांची मुख्य पथ पर दूसरी घटना हुई.
लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के करमाही मोड़ के पास शनिवार की सुबह एक स्कॉर्पियो और ऑल्टो में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में ऑल्टो सवार 55 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि स्कॉर्पियो सवार 6 लोग जख्मी हो गए. स्कॉर्पियो सवार बारात से वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे और इसी दौरान यह हादसा हुआ.
गढ़वा के कांडी निवासी है मृतक
मृतक की पहचान कांडी, गढ़वा निवासी उपेंद्र दुबे के रूप में की गयी. वो ऑल्टो कार से डाल्टनगंज से रांची की ओर जा रहे थे, जबकि बारातियों से भरी स्कॉर्पियो रांची की ओर से आ रही थी. दोनों ही गाड़ियों की रफ्तार तेज थी.
जैसे ही करमाही मोड़ के पास गाड़ियां पहुंची, आमने-सामने की टक्कर हो गयी. तीखा मोड़ होने की वजह से भी दोनों गाड़ियों के चालकों ने नियंत्रण खो दिया. इधर, हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. घायलों को बेहतर इलाज के लिए स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है.




