
- अपेंडिक्स फटने से हो गयी थी मौत
Palamu: पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड के पूर्वडीहा के लिधकी निवासी रमेश सिंह के पुत्र आर्मी जवान विष्णुदेव सिंह (24वर्ष) के शव का अंतिम संस्कार कोयल नदी तट पर किया गया. जवान को अंतिम विदायी देने के लिए सैकड़ों लोग पहुंचे. ‘भारत माता की जय और वंदे मातरम’ के नारो से पूरा गांव गूंजता रहा.
विदित हो कि भारतीय सेना का जवान विष्णुदेव सिंह की मौत पेट में अपेंडिक्स फटने से सोमवार को हो गयी थी. दिल्ली के आर्मी अस्पताल से पार्थिव शव को गार्ड ऑफ ऑनर देकर गांव भेजा गया. बुधवार की दोपहर में सेना के लोग जवान के पार्थिव शव लेकर उसके गांव पहुंचे. जवान के अंतिम दर्शन के लिए लिधिकी के साथ साथ आस पास के कई गांवों के सैकड़ों लोग उसके घर पहुंचे.
डालटनगंज के विधायक आलोक चौरसिया, जिला पार्षद संटू चौरसिया, पूर्व जिला पार्षद रामलव चैरसिया, माटी कला बोर्ड के सदस्य अविनाश देव, पूर्वडीहा के मुखिया कुलबुल दुबे, पंसस पति प्रदीप दुबे, पूर्व उपप्रमुख संतोष उर्फ पप्लू दुबे, भावी मुखिया प्रत्याशी विकास दुबे सहित अन्य ने जवान के परिजनों से मिलकर ढाढ़स बंधाया और शोक संवेदना व्यक्त की.
दोपहर करीब 12.30 बजे जवान की अंतिम यात्रा निकाली गयी. कोयल नदी तट पर दाह संस्कार से पूर्व सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि दी गयी. इसके बाद जवान के बड़े भाई जीतेन्द्र सिंह ने मुखाग्नि दी.
विष्णुदेव सिंह पिछले दो वर्ष से सेना में कार्यरत थे. रमेश सिंह के वे द्वितीय सुपुत्र थे. उनकी शादी नहीं हुई थी. विष्णुदेव सिंह को पिछले दो माह से पेट में दर्द की शिकायत थी. पिछले शुक्रवार से दर्द की शिकायत तेज हो गयी थी. असहनीय पीड़ा से परेशान विष्णुदेव सिंह ने जब अपनी स्वास्थ्य जांच करायी तो डाक्टरों ने बताया कि उसके पेट में अपेंडिक्स फट गया है. उनका इलाज दिल्ली के आर्मी अस्पताल आरआर में चल रहा था.




