Crime NewsJharkhandKoderma

कुएं से मिला युवक का शव, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Koderma: जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के टेहरो में एक कुएं से युवक का शव बरामद किया है. युवक की पहचान कलीडीह निवासी सुधीर यादव के 19 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के रूप में की गई. वहीं घटनास्थल से भागने के क्रम में ग्रामीणों ने गावां थाना क्षेत्र के एक युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा है.

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया है. घटनास्थल के नज़दीक के घर के लोगों का कहना है कि रात करीब 10:30 बजे कुएं से कुछ गिरने की आवाज आयी. घर से निकलकर देखे तो एक युवक भाग रहा था. शोर करने पर युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया.

इधर घटना के विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार को कलीडीह मोड़ के समीप टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया है. ग्रामीणों का आरोप है कि युवक की हत्या करके शव को कुएं में डाला गया है. इधर मामले को शांत कराने को लेकर एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद पहुंच गए हैं और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे हैं. समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था, वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही थी.

Related Articles

Back to top button