
Ranchi : बिजली उपभोक्ता समय पर बिल भुगतान नहीं कर रहे. नतीजा रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र की ओर से गली-मुहल्लों और गांवों में घोषणा करवायी जा रही है. घोषणा में बिजली उपभोक्ता जल्द से जल्द बिजली भुगतान करें, यह अपील की जा रही है. रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्रीय कार्यालय से जानकारी मिली है कि कुछ दिनों से उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है. क्योंकि रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में राजस्व वसूली काफी कम हो गयी है. जेबीवीएनएल इस लक्ष्य का पूरा नहीं कर पा रहा है.
ग्रामीण क्षेत्रों से 15 फीसदी ही वसूली
रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के महाप्रबंधक प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में मात्र 15 फीसदी ही बिलिंग वसूली हो रही है. वहीं शहरी इलाकों में 70 फीसदी. ऐसे में लक्ष्य प्राप्ति नहीं हो पा रहा. ऐसे में घोषणा भी ग्रामीण इलाकों में अधिक की जा रही है. बता दें मुख्यालय के आदेश के बाद पहले ही अलग अलग सर्किल एरिया में दस हजार से अधिक बकायेदारों की सूची अखबार में प्रकाशित की गयी थी. बावजूद इसके उपभोक्ता से वसूली नहीं हो पा रही है.
70 करोड़ का लक्ष्य, मिला 56 करोड़
प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जेबीवीएनएल रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र को हर महीने 70 करोड़ बिजली बिल वसूली का लक्ष्य है. ये ग्रामीण और शहरी क्षेत्र को मिला कर है. नवंबर महीने में मात्र 56 करोड़ ही बिलिंग हो पायी. वहीं अक्टूबर में 66 करोड़ बिलिंग किया गया था. जबकि मुख्यालय से समय समय पर इस संदर्भ में पत्राचार किया जाता है. जिसमें बिलिंग वूसली दुरूस्त करने की बात की जाती है. विदित हो कि लॉकडाउन के पहले से ही जेबीवीएनएल की बिलिंग वसूली कम हो गयी थी. जिसका असर निगम के राजस्व में देखा गया. वहीं लाॅकडाउन के बाद से जेबीवीएनएल बिलिंग दुरूस्त करने के लिये अलग अलग प्रयास कर रहा है.
क्षेत्र में हैं आठ लाख उपभोक्ता
रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में लगभग आठ लाख बिजली उपभोक्ता हैं. इसमें सिमडेगा, गुमला, खूंटी आदि जिला शामिल है. इसमें सिर्फ राजधानी रांची में ग्रामीण और शहरी इलाके मिलाकर पांच लाख बिजली उपभोक्ता है. जेबीवीएनएल की मुख्य समस्या ग्रामीण इलाकों से बिलिंग को दुरूस्त करना है.




