
Ranchi : झारखंड हाइकोर्ट में बुधवार को छठी जेपीएससी परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़ी याचिका पर सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान जस्टिस एसके द्विवेदी की अदालत ने निर्देश दिया कि छठी जेपीएससी मुख्य परीक्षा की सभी उत्तर पुस्तिकाओं को तब तक सुरक्षित रखा जाये जब तक इस मामले की सुनवाई पूरी नहीं हो जाती.
अदालत ने निर्देश दिया है कि जेपीएससी सभी सफल उम्मीदवारों का पता भी प्रार्थी को उपलब्ध करायें ताकि सभी सफल उम्मीदवारों को इस मामले में प्रतिवादी बनाया जा सके. इसके बाद अदालत ने इस मामले में सुनवाई के लिए अगली तिथि 18 जनवरी निर्धारित की है.
इसे भी पढ़ें: जहां राजनीतिक दल के लोग बैठते हैं, वहां राजनीति न हो, यह कैसे संभव है : मुख्यमंत्री
कई गड़बड़ियों की शिकायत
गौरतलब है कि दिलीप कुमार सिंह तथा अन्य की ओर से याचिका दायर की गयी थी. इसमें कहा गया है कि जेपीएससी ने अंतिम परिणाम जारी करने में बहुत गड़बड़ी की है. जेपीएससी ने पेपर वन (हिंदी व अंग्रेजी) के क्वालीफाइंग अंक को कुल प्राप्तांक में जोड़ दिया है इससे वैसे अभ्यर्थी मेरिट सूची से बाहर हो गये हैं जिन्हें अन्य पेपर में ज्यादा अंक मिले हैं.
जबकि यह विज्ञापन की शर्तों का उल्लंघन है. विज्ञापन में पेपर वन में सिर्फ पास होने का अंक लाना था जिसे प्राप्तांक में नहीं जोड़ा जाना था लेकिन जेपीएससी ने इसे भी कुल प्राप्तांक में जोड़ कर परिणाम जारी किया है.
इसे भी पढ़ें: रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी को मिली बेल




