
Ranchi : सहायक पुलिकर्मियों ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा कर दी है. सीएम हेमंत सोरेन की पहल के बाद उन्होंने इसके लिए बुधवार को हामी भर दी है. पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के आवास पर पुलिसकर्मियों ने हड़ताल खत्म करते हुए ड्यूटी पर जाने की घोषणा की. मंत्री ने कहा कि फिलहाल सभी सहायक पुलिसकर्मियों की सेवा दो सालों के लिए बढ़ा दी गयी है. सचिवों की एक उच्च स्तरीय समिति इनकी मांगों पर जल्दी ही सुझाव देगी.
इसे भी पढ़ेंः राशन डीलर ने की महिला से मारपीट, मंत्री के निर्देश पर लाइसेंस रद्द
सरकार पर भरोसा

सहायक पुलिसकर्मियों के प्रतिनिधिमंडल में शामिल अविनाश कुमार द्विवेदी ने मीडिया से कहा कि वे सरकार के साथ हैं. सीएम हेमंत सोरेन और मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने उनके मसले पर सकारात्मक रुख दिखाया है. अभी दो सालों का सेवा विस्तार दिया गया है. हम सभी जवान अब अपने-अपने जिलों को वापस लौटेंगे.
12 सितम्बर से हड़ताल पर बैठे 2500 सहायक पुलिसकर्मी अब सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे. एक उच्च स्तरीय समिति उनकी अन्य मांगों पर निर्णय लेगी. 15-20 दिनों बाद हम सब सरकार द्वारा उठाये गए कदमों को देखेंगे.
इसे भी पढ़ेंः बकौल लोहिया यह समय सड़क पर निकल कर संसद को आवारा होने से बचाने का है
दिन भर चलता रहा वार्ता का दौर
मिथिलेश कुमार ठाकुर के आवास पर पुलिसकर्मियों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार की सुबह से ही जुटा हुआ था. इस दौरान मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि सरकार तीन प्रमुख मांगों पर तैयार है. सेवा विस्तार, मानदेय में वृद्धि और पुलिस नियुक्ति में वेटेज पुलिसकर्मियों को दिया जायेगा. इसके अलावा विकास आयुक्त की अध्यक्षता में भी कमिटी गठित कर सकारात्मक पहल की जानी है.
पुलिसकर्मियों ने इस आश्वासन पर आशंका दिखायी. इसके बाद मिथिलेश ठाकुर ने सीएम हेमंत सोरेन से एक बार फिर भेंट कर प्रतिनिधिमंडल को जानकारी देने की बात कही. सीएम से मिलकर लौटने के बाद अपने आवास पर फिर से पुलिसकर्मियों से वार्ता की. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा कर दी.
इसे भी पढ़ेंः बोले मजदूर अभियान : आंगनबाड़ी भवनों की कमियां होंगी दूर, 22 अक्टूबर तक राज्य में बनेंगे 3595 आंगनबाड़ी भवन




