
Dhanbad : जिले के रणधीर बर्मा चौक पर बुधवार को डेकोरेटर्स एसोसिएशन के लोगो ने अपनी मांगों के समर्थन में मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया. एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि पिछले छह-सात महीने से व्यवसाय बंद होने की वजह से डेकोरेटर्स के काम से जुड़े लोगों के समक्ष भुखमरी की समस्या हो गयी है. एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि धनबाद जिला डेकोरेटर्स एसोसिएशन से जुड़े लगभग 1500 सौ सदस्य है. इस व्यवसाय से जिले में बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका जुड़ी है. काम बंद होने से उन सभी के समक्ष काफी परेशानी खड़ी हो गयी है. सरकार को हमारी बातों को भी सुनना चाहिए क्योंकि हमारे भी परिवार और बच्चें है जो भुखमरी की कगार पर आ गये हैं.
इसे भी पढ़ें : पूर्व शिक्षा मंत्री के फैसले को HC ने किया खारिज, +2 शिक्षकों के तबादले पर रोक का आदेश रदद्
सरकार आयोजनों में 300 लोगों को शामिल होने की अनुमति दे
प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि अब नवंबर- दिसम्बर में कुछ लग्न बचा हुआ है. अगर सरकार आयोजनों में में 50 व्यक्तियों की जगह 300 लोगों को शामिल होने की अनुमति दे दे तो डेकोरेटर्स के काम से जुड़े लोगों की स्थिति में काफी सुधार आ सकता है.
वहीं, एसोसिएशन के महासचिव पुरूषोत्तम कुमार रंजन ने कहा कि सरकार ने फिलहाल 50 व्यक्तियों का कार्यक्रम करने की अनुमति दी है. जिससे डेकोरेटर्स के काम से जुड़े लोगों को कोई फायदा नहीं हो रहा है.
इसे भी पढ़ें :कृषि बिल के खिलाफ पंजाब हरियाणा में आंदोलन तेज, सिद्धू भी उतरे बिल के विरोध में
मांगे नहीं मानी गयी तो परिवार के साथ करेंगे आंदोलन
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन के लोग भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए स्वास्थ विभाग के द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार ही आयोजन में शामिल होंगे. अगर इसके बाद भी सरकार हमारी मांगों को नहीं मानती है तो एसोसिएशन के परिवार के लोग भी सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करने पर बाध्य होंगे.
इसे भी पढ़ें :IPL : शारजाह में धौनी ने मारा ऐसा छक्का, स्टेडियम पार कर सड़क पर जा गिरी गेंद




