Koderma : कोडरमा जिला प्रशासन ने कोरोना जांच के लिए मंगलवार को जांच कैंप लगाया. जिला प्रशासन ने 32 विभिन्न जगहों पर कैंप का आयोजन किया था. कैंप के माध्यम से 10 हजार लोगों के कोरोना टेस्ट कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था. लेकिन जांच तो तब होती जब लोग पहुंचते. जांच के डर से कोडरमा के गांधी चौक के सभी दुकानदार और व्यवसायी दुकान बंद कर गायब हो गये. दुकानदारों को डर था कि जांच में कहीं वे पॉजिटिव न हो जायें.
इसे भी पढ़ेंः औंधे मुंह गिरती इकोनॉमीः फिच का चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था में 10.5 % की गिरावट का अनुमान
स्वास्थ्य विभाग की टीम पूर्वाह्न 11 बजे जब कोडरमा के मुख्य बाजार जांच करने पहुंची तो पाया कि व्यवसायियों ने अपनी दुकानें खोली ही नहीं हैं. जबकि प्रतिदिन दुकानें खुली रह रही थीं. जांच नहीं करानेवाले दुकानदारों को प्रशासन की ओर से 15 दिन दुकान नहीं खोलने की चेतावनी दी गयी है.
कंटेनमेंट जोन के गिने चुने लोग ही पहुंचे जांच कराने
कोडरमा में लगे जांच कैंप में जांच करानेवालों की संख्या बहुत कम थी. जांच कराने पहुंचे अधिकतर लोग कंटेनमेंट जोनवाले ईलाकों से हैं. बता दें कि जिला प्रशासन ने पहले से ही कैंप आयोजित करने की सूचना दी थी. साथ ही सभी व्यवसायियों और दुकानदारों से आग्रह किया था की वे जांच करा लें. लेकिन किसी ने जांच कराने में दिलचस्पी नहीं दिखायी. बता दें कि राज्य के सभी जिलों में कोरोना जांच के लिए लगातार कैंप आयोजित किये जा रहे हैं. सभी जिलों को लक्ष्य भी दिये जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंः आपराधिक गिरोह पहाड़ी चीता और पुलिस के बीच मुठभेड़ की जांच को CID ने किया टेकओवर




