Ranchi : देश में बेरोजगारी चरम पर है. कई युवाओं की नौकरी जा चुकी है या जा सकती है. मोदी सरकार पर कथित तौर पर बेरोजगार को बढ़ावा देनेवाली नीति का आरोप लगा कर युवा कांग्रेस लगातार हमलावर है. पिछले दिनों ने युवा कांग्रेस ने इसी मुद्दे पर “रोजगार दो अभियान” की शुरुआत की थी. अब अभियान में “देश की आवाज” नामक कार्यक्रम जोड़ दिया गया है. झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस प्रवक्ता उज्ज्वल प्रकाश तिवारी ने कहा है कि जोड़े गये कार्यक्रम में युवा कांग्रेस युवाओं को बेरोजगारी के मुद्दे पर अपनी बातों को रखने का मंच प्रदान करेगी. जो युवा वक्ता बेहतर प्रदर्शन करेंगे, उन्हें भविष्य में उनकी क्षमता अनुसार संगठन में प्रवक्ता बनने का भी मौका दिया जायेगा.
इसे भी पढ़ें – बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहा गबन! जानिये झारखंड के चर्चित बैंक घोटाला
मोदी सरकार की गलत नीतियों से जीडीपी में ऐतिहासिक गिरावट
ताज़ा प्रकशित आंकड़ों में जीडीपी में भारी गिरावट के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरते हुए उज्ज्वल प्रकाश तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार की गलतियों से देश की अर्थव्यवस्था गर्त में चली गयी है. वित्तीय वर्ष 2020-2021 की पहली तिमाही में जीडीपी दर -23.9 दर्ज की गयी है, जो एक ऐतिहासिक गिरावट है. नोटबंदी के बाद गलत जीएसटी और फिर अनियोजित लॉकडाउन ने देश की अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी है. सभी क्षेत्रों की वृद्धि दर में ख़तरनाक गिरावट होती जा रही है, जिसके कारण बेरोजगारी दर में भी भयंकर रूप से वृद्धि होती जा रही है. इससे बेरोजगारी एक बड़ा संकट बन कर सामने आयी है.
अर्थव्यवस्था पर बात करने की जगह वीडियो शूट कराने, खिलौने बनानेवाली बातों में व्यस्त हैं पीएम
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान जीडीपी दर 10% के भी ऊपर थी. वहीं आज अच्छे दिन का झांसा देने वाली सरकार के कार्यकाल में जीडीपी नकारात्मक दिशा में जा चुकी है. ऐसी विकट स्थितियों में भी अर्थव्यवस्था पर बात करने के बजाय प्रधानमंत्री मोदी वीडियो शूट करने, कुत्ते पालने और खिलौने बनानेवाली बातों में व्यस्त हैं. वहीं वित्त मंत्री अपने पापों का दोष भगवान पर मढ़ कर पल्ला झाड़ रही हैं. ऐसी स्थितियों में देश के बेरोजगारों की आवाज़ को बुलंद करने के लिए भारतीय युवा कांग्रेस ने “रोजगार दो” अभियान की शुरुआत की थी. अब इस अभियान में “देश की आवाज” को जोड़ कर सड़क से लेकर सदन तक मोदी सरकार को घेरने की तैयार में है.
इसे भी पढ़ें – DRDO को बड़ी सफलता: भारत ने हासिल की हाइपरसोनिक टेक्नोलॉजी, मिसाइल की स्पीड आवाज की गति से छह गुना ज्यादा




