Giridih : गिरिडीह के देवरी में बुधवार की शाम को तालाब में डूबने दो मासूम बच्चों की मौत हो गयी. घटना देवरी थाना क्षेत्र के कोसोगोंदोदिघी पंचायत के कोसोगोंदोदिघी गांव की है. दो मासूम बच्चे तालाब में कब डूबे किसी को पता नहीं है.
मछुआरों के द्वारा जाल में मछली की जगह जब एक बच्चे का शव निकला, तो दूसरे बच्चे के परिजन भी खोजने लगे. जिसके बाद जिस जगह पर जाल में बच्चे का शव मिला था, उसी जगह पर दूसरे बच्चे का भी शव मिला. दोनों मासूम बच्चों के शव निकलने के बाद कोहराम मच गया. परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे.
मछली निकालने के दौरान जाल में फंसा एक शव
घटना के संबंध में बताया जाता है कि कोसोगोंदोदिघी गांव निवासी मुकेश पंडित की एकलौती चार वर्षीय पुत्री लक्ष्मी कुमारी और विष्णु पंडित का छह वर्षीय पुत्र कारू पंडित घर से दिन के तीन बजे से ही गायब थे. दोनों बच्चों के घर से महज सौ मीटर की दूरी पर स्थित ठाकुर अहरी में मछुआरों के द्वारा तालाब से मछली निकाला जा रहा था. मछली निकालने के क्रम में जाल में मछली की जगह एक मृतक कारू का शव फंस गया. शव बाहर निकलने के बाद गांव में कोहराम मच गया. और लोग अपने-अपने बच्चों को तलाशने लगे.
इसी दौरान लक्ष्मी के परिजन भी लक्ष्मी को खोजने लगे, जब लक्ष्मी नहीं मिली तो परिजन रोते-पीटते तालाब के पास गये. लोगों ने तालाब से उस बच्ची का भी शव निकाल, जिसके बाद परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे. वहीं पूरे गांव में मातम छा गया. घटना की खबर सुन स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि शम्भू कुमार शर्मा, पंचायत समिति सदस्य अजय वर्मा, संतोष कुमार हाजरा, संदीप कुमार सिंह, राधे साव सहित कई लोगों ने शोक व्यक्त किया.




