
Ranchi. झारखंड में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच राज्य में जांच की रफ्तार पहले की तुलना में बढ़ी है. राज्य में अब तक 13 हजार के करीब सैंपल जांच के लिए पेंडिंग हैं. राज्य के विभिन्न जिलों के सदर अस्पताल में तेजी से सैंपल जांच के लिए ट्रूनेट मशीन लगाई गई है. ट्रू नेट मशीन में जांच की क्षमता प्रतिदिन 120 ही है. लेकिन सैंपल 500 से अधिक आ रहे हैं. जिससे हर रोज करीब 400 सैंपल पेंडिंग हो रहे हैं.
विभाग के लिए बड़ी चुनौती
कई जिलों में सैंपल के जांच में पांच से छह दिन लग जा रहा हैं. 13 हजार सैंपल के पेंडिंग की जांच स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती है क्योंकि लगातार सैंपल देने वालों की संख्या में वृद्धि हो रही है और जांच के लिए संसाधन सीमित हैं.
1664 सैंपलों की रिपोर्ट पीएमसीएच में लंबित
जांच रिपोर्ट आने में हो रही देरी से न सिर्फ मरीज परेशान हैं, बल्कि उनके संपर्क में आए लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है. रविवार शाम तक 1664 सैंपलों की रिपोर्ट पीएमसीएच में लंबित है. ऐसे में जिन लोगों ने सैंपल दिया है वे सभी इस बात से आशंकित हैं कि यदि रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो क्या करेंगे. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 10 जुलाई से अब तक रिपोर्ट पेंडिग है.
यह स्थिति तब है जब सरकार की ओर से पीएमसीएच का सैंपल श्रीरामकृष्ण इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, दुर्गापुर में जांच के लिए भेजा जा रहा है. इस प्रक्रिया में चार दिन का समय लग रहा है.
बढ़ रहा खतरा
बोकारो से सैंपल धनबाद, धनबाद से सैंपल दुर्गापुर, दुर्गापुर से रिपोर्ट धनबाद, धनबाद से रिपोर्ट रांची जाने के बाद उसे फिर बोकारो को दिया जा रहा है. इस आवाजाही में लगभग 10 दिनों से रिपोर्ट लंबित है. जांच करा चुके 1664 लोग में कई लोग क्वारंटाइन नहीं हैं, ऐसे में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है.
मात्र चार केंद्रों में ही हो रही है आरटीपीसीआर टेस्टिंग
बता दें कि राज्य के चार केंद्रों में आरटीपीसीआर टेस्टिंग की जा रही है. रिम्स, एमजीएम धनबाद और पीएमसीएच धनबाद के मेडिकल कॉलेजों के अलावा टीबी सेंटर इटकी में आरटीपीसीआर टेस्टिंग की जा रही है. इसके अलावा विभिन्न जिलों के सदर अस्पताल में टू्रनेट जांच करायी जा रही है.
स्वास्थ्य विभाग ने तीन नए मेडिकल कॉलेजों में आरटीपीसीआर मशीन लगाने की बात कही थी, पर अभी तक नहीं लग सकी हैं. इसके अलावा बोकारो जिला प्रशासन और बीएसएल के बीच करार किया गया था. जिसमें बोकारो में आरटीपीसीआर लगाना था पर अभी तक लगी नहीं हैं.
15 मिनट में आने लगी जांच रिपोर्ट
राज्य में एंटीजेन किट से टेस्टिंग चालू हो गयी है. एंटीजेन किट से टेस्टिंग में 15 मिनट में जांच रिपोर्ट मिल रही है. वर्तमान में राज्य में अभी तक मात्र 15 हजार एंटीजेन टेस्टिंग किट ही हैं. स्वास्थ्य विभाग जल्द ही और किट मंगवाने की बात कर रहा है. अभी यह जांच सिर्फ रांची के सदर और रिम्स में चालू है.




