Opinion

भाजपा व कांग्रेस दोनों चीन से लड़ना तो चाहते हैं, पर तब जब वो….

Krishna Kant

भाजपा और कांग्रेस दोनों चीन से लड़ना चाहते हैं, लेकिन जब वे विपक्ष में होते हैं. विपक्ष में वे खूब गर्जना करते हैं. लेकिन जब सत्ता में होते हैं, तब हर घुसपैठ पर चुप्पी साध लेते हैं. चीन को लेकर कभी भी देश के सामने सच नहीं रखा जाता. भाजपा सरकार भी यही कर रही है.

अपने देश के लिए जान दे देना सर्वोच्च बलिदान है. यह बलिदान हमारे 20 जवानों ने दिया है. लेकिन जब खुद प्रधानमंत्री यह कहते हैं कि ‘भारत की सीमा में न कोई घुसा है और न ही हमारी कोई पोस्ट किसी दूसरे के कब्जे में है’, तब उन सैनिकों के बलिदान का अपमान होता है.

सवाल उठते हैं कि यदि कोई घुसपैठ नहीं हुई, तो यह 20 जवानों की शहादत क्यों हुई? अगर समझौतों का उल्लंघन नहीं हुआ, चीन ने आक्रमण नहीं किया, चीनी सैनिकों ने घुसपैठ नहीं की तो 20 जवानों की जान क्यों गई?

एक तरफ सरकार किसी घुसपैठ से इनकार करती है. दूसरी तरफ सरकारी बयान में कहा जाता है कि दोनों सेनायें डिस्इंगेजमेंट के लिए यानी वापस लौटने पर राजी हो गयी हैं. अगर चीन भारतीय क्षेत्र में आया नहीं तो वापस कहां जाएगा?

विदेश मंत्रालय कह चुका है कि चीनी सैनिकों ने भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की. जिसके चलते हिंसक झड़प हुई. फिर पीएम मोदी इस तथ्य को क्यों नकार रहे हैं?

20 जवान मार दिये गये. 10 जवान हिरासत में थे, जिन्हें छोड़ा गया. फिर भी सरकार कह रही है कि सब ठीक है. पाकिस्तान से अभिनंदन की वापसी के लिए इतना उत्सव खड़ा किया गया था, तो चीन के खिलाफ लड़ने वाले सैनिकों को लेकर वही सम्मान और वही समर्थन क्यों नहीं है? एक अधिकारी समेत दस जवानों के चीन की हिरासत में होने और उनके छोड़े जाने को छुपाया गया. सरकार झूठ क्यों बोल रही है?

ब्रम्ह चेलानी, अजय शुक्ला, जनरल एसएच पनाग आदि के लेख और सेना के रिटायर अधिकारियों और सेटेलाइट तस्वीरों से स्पष्ट होता है कि चीन ने घुसपैठ की है.

क्या पीएम मोदी अपनी झूला रणनीति और महाबलीपुरम में गाइड बनने की रणनीति पर शर्मिंदा होने से बचने के लिए चीन का ही बचाव कर रहे हैं?

चीन गलवान घाटी पर अपने अधिकार क्षेत्र का दावा कर रहा है. मोदी का बयान चीन के बयान को वैधता देता है कि उसने कोई घुसपैठ नहीं की है. मोदी ऐसा क्यों कर रहे हैं?

विशेषज्ञ कह रहे हैं कि चीन ने हमारी जमीन पर कब्जा कर रखा है और आगे बढ़ रहा है. सरकार इस तथ्य को जनता से क्यों छुपाती है?

डिस्क्लेमर: ये लेखक के निजी विचार हैं.

4 Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button