National

आंध्र प्रदेशः ESI घोटाले को लेकर हिरासत में टीडीपी नेता अत्चन्नायडू, चंद्रबाबू नायडू ने की निंदा

Amravati: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआइ) में कथित अनियमितता के मामले में टीडीपी नेता अत्चन्नाडू को हिरासत में लिया है. तेलुगू देशम पार्टी के विधायक दल के उप नेता और आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री के अत्चन्नायडू को ईएसआइ कोरपोरेशन में 151 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के संबंध में एसीबी के अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह उनके आवास से उन्हें हिरासत में लिया.

अत्चन्नायडू के श्रम मंत्री रहते हुआ कथित घोटाला

बता दें कि अत्चन्नायडू पूर्ववर्ती टीडीपी सरकार में श्रम मंत्री थे जब दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद में यह कथित घोटाला हुआ था. एसीबी के अधिकारी श्रीकाकुलम जिले के तेक्काली में तेदेपा के वरिष्ठ नेता के आवास पर गए और उन्हें हिरासत में ले लिया.

राज्य सतर्कता एवं प्रवर्तन विभाग की जांच में इस साल फरवरी में कर्मचारी राज्य बीमा निगम में घोटाले का पर्दाफाश करने का दावा किया गया. ऐसा आरोप है कि जब तेलगु देशम पार्टी सत्ता में थी तो 2014 से 2019 के बीच कई शीर्ष अधिकारी इस घोटाले में शामिल रहे.

ये पिछड़े वर्ग पर हमला- चंद्रबाबू नायडू

अत्चन्नायडू के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए तेदेपा अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने आरोप लगाया कि वरिष्ठ नेता को 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने अगवा कर लिया और उन्हें अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है. एक बयान में उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी को जिम्मेदार ठहराया और गृह मंत्री एम सुचरिता के इस्तीफे की मांग की.

उन्होंने इसे पिछड़े वर्गों पर हमला बताते हुए कहा कि इस समुदाय से आने वाले अत्चन्नायडू जगनमोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआर कांग्रेस सरकार की करतूतों का खुलासा करने में आगे रहे हैं.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button