Corona_UpdatesNational

#CoronaOutbreak: इंदौर में 24 घंटे में 79 मामले, गोवा में फिर सामने आ रहे नये केस

Indore / Goa: देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है. हर दिन नये मामले सामने आ रहे हैं. इस माहामारी के संक्रमण को रोकने के लिए देश भर में लॉकडाउन लागू है. देश में कोविड-19 के संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है.

कोरोना से बीमार मरीजों की संख्या के मामले में भारत अब चीन से आगे निकल दुनिया में 11वें नंबर पर पहुंच गया है. देश में कोविड-19 के कारण मरने वालों की संख्या 2,752 पर पहुंची, संक्रमण के मामले बढ़कर 85,940 हो गये हैं.

इसे भी पढ़ें- भारत को वेंटिलेटर्स देगा अमेरिका: ट्रंप ने कहा- मिलकर हरायेंगे कोरोना वायरस को

इंदौर में 2,378 केस, अब तक 99 की मौत

देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में पिछले 24 घंटे के दौरान 79 नये मामले सामने आये हैं. इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 2,299 से बढ़कर 2,378 पर पहुंच गयी है. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने शनिवार को यह जानकारी दी.

उन्होंने यह भी बताया कि कोविड-19 संक्रमित पाये गये 57 वर्षीय एक पुरुष की यहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गयी. इसके बाद जिले में इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 99 पर पहुंच गयी है.

रेड जोन में शामिल जिले में शनिवार सुबह की स्थिति में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.16 प्रतिशत दर्ज की गयी. पिछले 21 दिन से जिले में यह दर पांच प्रतिशत से कम बनी हुई है.

प्रदेश सरकार के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अस्पतालों में इलाज के बाद जिले के 1,100 से ज्यादा मरीज इस महामारी से उबर चुके हैं. इंदौर जिले में कोरोना वायरस के प्रकोप की शुरुआत 24 मार्च से हुई, जब पहले चार मरीजों में इस महामारी की पुष्टि हुई थी. प्रशासन ने इंदौर की शहरी सीमा में 25 मार्च से कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है.

इसे भी पढ़ें- लॉकडाउन का उल्लंघन कर मस्जिद में नमाज पढ़ने आये लोग, 7 नामजद समेत कई अज्ञात पर FIR

गोवा में तीन और लोग संक्रमित, कुल संख्या 11 हुई

कोलकाता से लौटे वास्को निवासी सात में तीन लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये हैं और इसके साथ ही गोवा में इस घातक वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 11 हो गयी है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि कोलकाता के गंगापुर से शुक्रवार को गोवा लौटे सात पुरुषों में से कम से कम तीन पुरुष संक्रमित पाये गये हैं.

उन्होंने कहा कि तीन लोगों की लार के नमूने जांच के लिए ‘गोवा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल’ भेजे गये थे, जबकि शेष चार लोग पृथक- केंद्र में रह रहे हैं. मंत्री ने बताया कि नये मामले सामने आने के बाद राज्य में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 11 हो गयी है.

राणे ने बताया कि दक्षिण गोवा के वास्को शहर से सात लोगों का समूह 21 अप्रैल को गंगापुर गया था, जो कि ‘ग्रीन जोन’ है. उन्होंने कहा कि यह समूह (दक्षिण गोवा में) मोल्लम जांच चौकी के रास्ते शुक्रवार सुबह गोवा पहुंचा. उनकी जांच के लिए तत्काल नमूने लिये गये, जिसके बाद तीन लोग संक्रमित पाये गये.

इसे भी पढ़ें- #CoronaUpdate: संक्रमण के मामले में चीन से आगे निकला भारत, कोरोना मरीजों की संख्या 86 हजार के करीब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button