
Ranchi: खूंटी की 15 वर्षीय नाबालिग का गुरुवार की देर रात सुरक्षित गर्भपात कराया गया. खूंटी सिविल कोर्ट ने खूंटी पुलिस को सामूहिक दुष्कर्म नाबालिग पीड़िता के गर्भपात का आदेश दिया था. राज्य में यह पहला मामला है जब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने नाबालिग का गर्भपात कराया है.
कोर्ट ने दिया था नाबालिग के गर्भपात का आदेश
खूंटी में 15 वर्षीय नाबालिग से 30-40 बार हथियार के बल पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था. इसके बाद दुष्कर्म पीड़िता मार्च में गर्भवती पायी गयी थी. दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग के स्वास्थ्य को देखते हुए खूंटी सिविल कोर्ट ने खूंटी पुलिस को मेडिकल टीम गठित कर गर्भपात कराने का आदेश दिया था. लेकिन खूंटी में सिविल सर्जन के द्वारा बनाये गये मेडिकल बोर्ड ने खूंटी में स्वास्थ्य सेवा की स्थिति बेहतर नहीं होने का हवाला देते हुए गर्भपात कराने से इंकार कर दिया था.
ऐसे में पुलिस की टीम दुबारा कोर्ट गयी. इसके बाद पोक्सो एक्ट के स्पेशल जज राजेश कुमार ने आदेश दिया था कि रिम्स में नाबालिग का गर्भपात कराया जाए. इस संबंध में रिम्स निदेशक से पत्राचार भी किया गया था. कोर्ट ने आदेश दिया कि गर्भपात के बाद भ्रूण को संरक्षित किया जाए. केस के अनुसंधानक को आदेश दिया गया है कि भ्रूण की डीएनए जांच करायी ताकि सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों से डीएनए का मिलान किया जा सके.
इसे भी पढ़ें- #Delhi HC का केजरीवाल सरकार को निर्देशः पैदल ना जाये प्रवासी मजदूर, शराब पर विशेष कोरोना शुल्क वसूलने पर भी मांगा जवाब
पुलिस ने सभी आरोपियों को किया था गिरफ्तार
खूंटी की एक नाबालिग के साथ 3 महीने तक कई बार सामूहिक दुष्कर्म की घटना का अंजाम दिया गया था. इस मामले में कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को फरवरी में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. मामला सामने आने के बाद छात्रा ने पढ़ाई की इच्छा जतायी थी जिसके बाद उसे खूंटी के ही कस्तूरबा विद्यालय में भर्ती कराया गया था.
मालूम हो कि होली की छुट्टी में नाबालिग की तबीयत बिगड़ गयी थी. इसके बाद उसकी मेडिकल जांच करायी गयी तो मेडिकल जांच में नाबालिग की गर्भवती होने की पुष्टि हुई थी. तब सीडब्ल्यूसी ने डीसी और डालसा को पत्र लिखकर छात्रा के स्वास्थ्य को देखते हुए गर्भपात कराने का आग्रह किया था. ऐसे में इस मामले में खूंटी पुलिस के द्वारा कोर्ट में छात्रा का गर्भपात को लेकर आवेदन दिया गया था जिसके बाद कोर्ट ने आदेश जारी किया था.
इसे भी पढ़ें- 20 लाख करोड़ के राहत पैकेज में पुरानी योजना को शामिल कर ठगा जा रहा लोगों को




