
Ranchi: राज्य में कोरोना संक्रमण और ईद के त्योहार को देखते हुए हेमंत सरकार 17 मई के बाद भी राज्य के लोगों को किसी तरह की रियायत नहीं देने के पक्ष में है.
विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि राज्य सरकार आगामी 29 मई तक राज्यवासियों को किसी तरह की कोई छूट नहीं देने पर मंथन कर रही है. हालांकि आर्थिक क्षेत्र वाले कुछ सेक्टरों जैसे उद्योग, शराब बिक्री, इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में कुछ प्रतिबंधों के साथ रियायत दी जा सकती है.
इसे भी पढ़ेंःदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3,722 नये केस, संक्रमितों की संख्या 78 हजार के पार
इसे लेकर गुरूवार को प्रोजेक्ट भवन में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक बैठक होनी है. बैठक के बाद लिए निर्णय से सीएम हेमंत सोरेन को अवगत कराया जाएगा. सीएम की अनुमति मिलने के बाद सरकार एक अधिसूचना जारी करेगी.
सीएम ने भी दिये थे संकेत
बता दें कि बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक निजी चैनल से बातचीत में इस बात को माना था कि रमजान के महीने में लॉकडाउन में किसी तरह की छूट देने से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है. केंद्र द्वारा लगाये लॉकडाउन का तीसरा फेज 17 मई को समाप्त होने वाला है. वहीं मई माह के अंतिम में मुस्लिम समाज का सबसे बड़ा त्योहार ईद भी है. ऐसे में लॉकडाउन में छूट मिलने से राज्य सरकार के समक्ष कई समस्याएं बन सकती है.
इसे भी पढ़ेंःICICI बैंक के 59 खातों से हुई एक करोड़ की ठगी, साइबर अपराधियों का पता लगाने में जुटी देवघर पुलिस
गृह मंत्रालय की गाइडलाइन के तहत ही दी जाएगी कुछ छूट
बताया जा रहा है कि हेमंत सरकार उद्योगों, इंफ्रास्ट्रक्चर सहित शराब बिक्री में शर्तों के साथ छूट दे सकती है. इन क्षेत्रों में छूट कैसे होगी, यह गुरूवार की बैठक के बाद ही देर शाम आने की उम्मीद है. सूत्र बताते है कि उपरोक्त क्षेत्रों में मिली छूट केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी की गयी गाइडलाइन के तहत मिलेगी. वहीं कोरोना हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों में किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी.
इसे भी पढ़ेंः#Delhi: 400 से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित, 8 हजार के करीब कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा




