Corona_UpdatesNational

#Lockdown: वित्त मंत्री के साथ पीएम मोदी की बैठक, दूसरे राहत पैकेज पर मंथन

New Delhi: कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण देश की अर्थव्यवस्था बहुत बुरे दौर से गुजर रही है. पिछले 40 दिनों से उद्योग-धंधे बंद हैं. कामकाज ठप है. ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिये देश भर में लागू लॉकडाउन से प्रभावित उद्योगों को दूसरे राहत पैकेज को लेकर बैठक की.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित वरिष्ठ मंत्रियों और वित्त मंत्रालय से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शनिवार को सिलसिलेवार बैठकों में लॉकडाउन से प्रभावित सेक्टर्स के लिए दूसरे राहत पैकेज पर चर्चा की. सूत्रों ने इसकी जानकारी दी.

इसे भी पढ़ेंःकेरल में घर वापसी के लिये मांगी जा रही रिश्वत, झारखंड के 73 मजदूरों ने न्यूजविंग से लगायी मदद की गुहार

दूसरे राहत पैकेज की तैयारी में सरकार

सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने शाह और सीतारमण के साथ विचार विमर्श किया. वह इसके बाद सूक्ष्म, लघु और मध्यम उपक्रम (एमएसएमई) जैसे अन्य प्रमुख आर्थिक मंत्रालयों के मंत्रियों के साथ भी संबंधित मुद्दों पर बैठकें करेंगे.

वित्त मंत्रालय शनिवार को ही बाद में प्रधानमंत्री मोदी को अर्थव्यवस्था की स्थिति तथा इसे संभालने के लिए मंत्रालय की ओर से विचार किए जा रहे आगे के संभावित कदमों को लेकर एक विस्तृत प्रस्तुति भी देने वाला है. बता दें कि मंत्रालय ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह के मासिक आंकड़ों को शुक्रवार को जारी करना टाल दिया था.

प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को नागरिक उड्डयन, श्रम और शक्ति सहित विभिन्न मंत्रालयों के साथ बैठकें की थीं. उन्होंने गुरुवार को वाणिज्य और एमएसएमई मंत्रालयों के साथ घरेलू व विदेशी निवेश आकर्षित करने तथा देश में छोटे व्यवसायों के पुनरुद्धार पर ध्यान केंद्रित करने के बारे में विस्तृत विचार-विमर्श किया था. इन बैठकों के दौरान मोदी के साथ गृह मंत्री और वित्त मंत्री- दोनों उपस्थित थे.

माना जा रहा है कि लॉकडाउन का तीसरा फेज घोषित होने के बाद सरकार गरीब एवं वंचित तबके के लिए जल्द ही एक और राहत पैकेज की घोषणा कर सकती है. इसके अलावे उद्योग जगत के लिए भी प्रोत्साहन पैकेज का एलान हो सकता है.

इसे भी पढ़ेंःमजदूरों की वापसी: पूर्व BJP नेता ने की CM हेमंत की सराहना, कहा- भाजपा को श्रेय लेने की राजनीति नहीं करनी चाहिये

मार्च में 1.7 लाख करोड़ का मिला था राहत पैकेज

सरकार ने हाशिये पर स्थित लोगों की कठिनाइयों को कम करने के लिये मार्च के अंत में गरीब महिलाओं और बुजुर्गों के लिये 1.7 लाख करोड़ रुपये के प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की थी.

इसके तहत गरीबों को मुफ्त अनाज और कुकिंग गैस उपलब्ध कराया गया. इसके साथ ही गरीब महिलाओं एवं बुजुर्गों को नकद सहायता उपलब्ध करायी गई. सूत्रों ने कहा कि सरकार जल्द ही प्रभावित उद्योगों के लिये दूसरे प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा कर सकती है.

इसे भी पढ़ेंःझारखंड HC में दायर PIL में दावा- धनबाद में 20% लोगों को ही मिल पाया है राशन, राज्य में 65% लोग हैं वंचित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button