
New Delhi: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश के 80 जिलों में पिछले 14 दिनों में कोई कोरोना पॉजिटिव केस नहीं सामने आया है. वहीं नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल ने कहा है कि अब केस डबल होने की अवधि 10 दिन हो गयी है.
कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग की नियमित प्रेस कांफ्रेंस में शुक्रवार को संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि गुरुवार से लेकर शुक्रवार तक 491 लोग ठीक हुए हैं.
बीते 24 घंटे में 1684 नये पॉजिटिव केस सामने आये हैं. कोरोना के मामले में हमारा रिकवरी रेट 20.57 प्रतिशत रहा है.
पिछले 28 दिनों से जिन जिलों से कोई नया मामला सामने नहीं आया है उनकी संख्या भी बढ़कर 15 हो गयी है जबकि 80 जिलों में पिछले 14 दिनों से कोई कोरोना पॉजिटिव केस नहीं आया है. देशभर में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 23,077 हो गयी है.
इसे भी पढ़ें : #CoronaVirus : घाटशिला का आरपीएफ का जवान खड़गपुर में पाया गया कोरोना पॉजिटिव
फैक्ट्री में कोविड केस मिलने पर सीईओ को सजा की बात गलत
प्रेस कांफ्रेंस में गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि जो क्षेत्र कंटेंनमेंट या हॉट स्पॉट नहीं है वहां 20 अप्रैल से कुछ गतिविधियों की अनुमति दी गयी है.
लेकिन गलत व्याख्या की वजह से आशंका थी कि फैक्ट्री में कोविड केस मिलने पर फैक्ट्री के सीईओ को सज़ा हो सकती है या फैक्ट्री 3 महीने के लिए सील हो सकती है.
गुरुवार को गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि 15 अप्रैल को जारी दिशा-निर्देशों में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है.
श्रीवास्तव ने बताया कि गृह मंत्रालय ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत 6 इंटर-मिनिस्ट्रियल सेंट्रल टीमों (IMCT) का गठन किया था.
स्थिति को देखते हुए गृह मंत्रालय ने 4 और IMCT का गठन किया है जो अहमदाबाद, सूरत, हैदराबाद और चेन्नई भेजी जा रहीं हैं.
इसे भी पढ़ें : #CoronaVirus : देवघर में सामने आया एक पॉजिटिव केस, झारखंड में कुल 57 हुए संक्रमित
महामारी की गति कुछ धीमी हुई
नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल के डायरेक्टर डॉ सुजीत सिंह ने कहा कि हमारा डबलिंग टाइम 9 दिन तक पहुंच गया है, ये दिखाता है कि जो महामारी तेज गति से फैल रही थी उस पर हम किस हद तक अपने प्रयासों से रोक लगा पाये हैं.
इसे भी पढ़ें : सितंबर तक भारत में हो सकते हैं कोरोना के 111 करोड़ मामले: सीडीडीइपी की रिपोर्ट




