NEWS

जल संकट के सवाल और निदान के लिए ट्विटर भी बना सहारा, मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने खुद संभाली है कमान

Ranchi. कोरोना संकट के बीच राज्य में जल संकट की समस्या भी शुरू है. लॉकडाउन और तपती गर्मी के बीच पानी की समस्या गांव से लेकर शहरों तक में दिखने लगी है. स्थानीय स्तर से पानी समस्या का समाधान नहीं निकलने पर लोग ट्वीटर के माध्यम से सीएम और विभागीय मंत्री के पास अपनी बात रख रहे हैं. ट्विटर से इसकी राह भी निकाली जा रही है.

मंत्री की ओर से संबंधित जिले के डीसी और विभागीय इंजीनियरों को समस्या के निदान के लिए निर्देशित किया जा रहा है. ऐसे में कई बार ट्विटर के माध्यम से भी जल संकट से जूझने में मदद मिल रही है.

इसे भी पढ़ेंः #CoronaUpdates: 24 घंटे में संक्रमण के 1334 नये केस, 27 की मौत – स्वास्थ्य मंत्रालय

अस्पताल में बंद पड़ा आरओ प्लांट हुआ चालू

सदर अस्पताल, गढ़वा में पानी का आरओ प्लांट 10 दिनों से इलेक्ट्रिक कनेक्शन हटाये जाने के कारण बंद पड़ा था. अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके परिजनों के अलावा शहर के कई अन्य लोगों के लिए साफ़ पानी का एक स्रोत बंद होने से परेशानी आने लगी थी.

गढ़वा के झामुमो टीम की ओर से 2 अप्रैल को इसे लेकर सीएम हेमंत सोरेन और विभागीय मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर को ट्विटर पर जानकारी दी गयी. मंत्री ने झारखण्ड राज्य विद्युत् वितरण निगम लिमिटेड को इस मामले में पहल करने को कहा. 1 सप्ताह के भीतर सदर अस्पताल में आरओ प्लांट चालू कर दिया गया.

इसे भी पढ़ेंः धनबाद: रेलकर्मी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद डीएस कॉलोनी में किया गया सैनिटाइजेशन व फॉगिंग

जलमीनार निर्माण में गड़बड़ी

विवेक राजपूत ने ठकुराई दिदरी (लेस्लीगंज, पलामू) में जलमीनार निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल होने और दो माह से हर दिन हजारों गैलन पानी की बर्बादी होने की शिकायत ट्विटर पर मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर से की है. मंत्री ने डीसी पलामू और पलामू डिविजन के विभागीय इंजीनियर को इस मामले पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.

उमेश महतो ने मंत्री मिथिलेश ठाकुर को 9 अप्रैल को ट्वीट कर बताया कि बोकारो में उकरीद पंचायत में लोग पानी की किल्लत झेल रहे हैं. मंत्री ने बोकारो डीसी को और विभागीय इंजीनियर को इसका समाधान करने को उसी दिन लिखा.

इसे भी पढ़ेंः पलामू: आइसोलेशन वार्ड से चकमा देकर भागा कोरोना संदिग्ध, खोजबीन में जुटे स्वास्थ्यकर्मी और पुलिस  

डालटनगंज में 5 दिनों से बंद पड़ी सप्लाई वाटर सप्लाई सुविधा हुई शुरू

23 मार्च को पप्पू कुमार ने एक विडियो शेयर करते हुए लिखा था कि डालटनगंज में पिछले 5 दिनों से घरों में पानी की सुविधा बंद पड़ी हुई है. लोगों को घंटों लंबी कतार में लगकर पानी लाने की समस्या से जूझना पड़ रहा है. मिथिलेश ठाकुर ने इसी दिन पलामू डीसी को तत्काल इस मामले का समाधान करने का निर्देश दिया था.

डीसी ने इस मामले में पहल करते हुए शहरी क्षेत्र में पेयजल विभाग के कार्यपालक अभियंता और नगर निगम के बीच समन्वय बनाकर समस्या का समाधान करा दिया. डालटनगंज में वाटर सप्लाई सुविधा फिर से बहाल हो गयी.

नलकूप मरम्मती के लिए मार्च महीने में आयी थी 8949 शिकायतें

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के चीफ इंजीनियर श्वेताभ कुमार के अनुसार राज्यभर से नलकूपों की मरम्मती के लिए विभाग के पास 8949 शिकायतें आ चुकी हैं. इनमें से 8771 नलकूपों की मरम्मती की जा चुकी है.

इसके अलावा विभागीय मंत्री के निर्देश पर जलापूर्ति सेवाओं को नियमित रखे जाने का प्रयास किया जा रहा है. 23 मार्च को ही विभागीय स्तर से आदेश जारी हो गया था कि सभी विभागीय इंजीनियर मुख्यालय में रहते हुए निर्बाध जलापूर्ति के लिए अपनी सेवा देते रहेंगे. फ़िलहाल राज्यभर से लोग नलकूपों की मरम्मती या पेयजल संकट के लिए अलग अलग जिलों में स्थापित जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष या राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम (संपर्क नं- 9470176901) से भी संपर्क स्थापित कर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं.

इसे भी पढ़ेंः #Lockdown में ढील को लेकर गाइडलाइंस में बदलाव, जानिए सोमवार से किस-किस काम के लिए मिलेगी छूट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button