
सीएम ने कहा- विदेश से केंद्र होते राज्य में आया है कोरोना, केंद्र करें सहयोग.
असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई करने का सीएम का निर्देश.
मरकज से जुड़े लोगों पर टिप्पणी करने से बचे सीएम, कहा- मेरे लिए वे केवल एक मरीज हैं.
Ranchi: दुनिया में कहर मचा रहे कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लगातार कोशिशें जारी है. इस सिलसिले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में एक सर्वदलीय बैठक हुई. बैठक के बाद कोरोना से बचाव के लिए हुए लॉकडाउन बढ़ाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कहना अभी सही नहीं है.
ऐसा इसलिए कि कोरोना महामारी एक आपदा है, इसमें हर मिनट बदलाव देखा जा रहा है. शुरू में राज्य के अंदर कोरोना मरीजों की संख्या काफी कम थी, लेकिन अचानक इस संख्या में बढ़ोतरी हुई है. झारखंड में यह महामारी लेट से आयी है, लेकिन यदा कदा अब बढ़ती जा रही है. ऐसे में योजनाबद्ध तरीके से इस महामारी से निपटने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ेंः#CoronaVirus : कोरोना वायरस फैलाने की साजिश, नेपाल के रास्ते सीमा पार से भेजे गये 40-50 संक्रमित संदिग्ध
मुख्यमंत्री के इस बयान से माना जा रहा है कि सरकार लॉकडाउन की अवधि बढ़ा सकती है. बैठक में कांग्रेस कोटे से वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, जेएमएम महासचिव सुप्रीयो भट्टाचार्य, विनोद पांडेय, भाकपा माले के राज्य सचिव जनार्दन प्रसाद के साथ ही अन्य कई दलों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की.
सभी दलों ने सहयोग का दिया आश्वासन
बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी दलों के प्रतिनिधियों से इस वायरस के लड़ने के लिए अधिकाधिक जागरूकता कार्यक्रम चलाने, एकजुट होकर काम करने, राजनीतिक गतिविधियों में भीड़भाड़ कम करने के साथ अन्य महत्वपूर्ण चर्चा की.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी दलों ने आश्वासन दिया है कि इस विपत्ति की घड़ी में उनका सहयोग मिलता रहेगा. इस दौरान हेमंत सोरेन ने कोरोना वायरस से लड़ रहे स्वास्थ्यकर्मी, पुलिसकर्मी सहित, दाल-भात केंद्र, सीएम किचन योजना में काम कर रही महिला समूह की भी तारीफ की.
माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे असामाजिक तत्वों पर होगी कार्रवाई
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य अभी एक बड़ी आपदा से गुजर रहा है. लेकिन इसमें भी कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे लोगों से पुलिस सख्ती बरते, इसका सरकार ने निर्देश दिया है.
वहीं मरकज से जुड़े लोगों पर कोरोना फैलाने के तथाकथित लगे आरोप पर कार्रवाई के सवाल पर कहा कि हमारे लिए सभी एक मरीज है. यह बीमारी विदेश से केद्र होते हुए राज्य पहुंची है. ऐसे में जरूरी है कि केंद्र, राज्य को मदद दे.
इसे भी पढ़ेंः#FightAgainsrCorona : पुलिसकर्मियों के 50 लाख के बीमा को लेकर आइजी मुख्यालय ने सरकार को लिखा पत्र
मीडिया से ही कोरोना की जानकारी मिल रही है: मुख्यमंत्री
स्वास्थ्य सचिव की जारी उस लेटर जिसमें मीडिया को कोरोना से जुड़ी कोई जानकारी नहीं देने की बात की गई थी, के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी कोई जानकारी उन्हें नहीं है. हकीकत यही है कि कोरोना से जुड़ी सभी जानकारी मीडिया से ही उन्हें मिल रही है.
वही सीएम सोरेन ने कहा कि अभी 7 लाख से ज्यादा लोगों को लॉकडाउन के दौरान मदद पहुंचायी गयी है. लॉकडाउन अगर खुलता है तो यह संख्या और भी बढ़ेगी. इसके लिए सभी विभागों को तैयारी करने का एक निर्देश दिया गया है.
इसे भी पढ़ेंः#Lockdown: एक महीने में झारखंड को 15000 करोड़ के नुकसान का अनुमान




