
Koderma: देश में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है. पिछले पांच दिनों में संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है. वहीं संक्रमण को रोकने के लिए संदिग्ध लोगों को होम क्वारेंटाइन करने का निर्देश दिया गया है. इधर होम क्वारेंटाइन का उल्लंघन करने के मामले में कोडरमा के जयनगर सीओ हेमराज खलखो ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
गुरुवार की देर रात जयनगर थाना में 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है. गोहाल पंचायत के मकतपुर के रहने वाले अहमद मियां, प्रदीप राणा, रामविलास पासवान,सचिन चौधरी और नितेश चौधरी पर होम क्वारेंटाइन का उल्लंघन करने की पुष्टि होने के बाद सीओ ने मामला दर्ज करवाया.
इसे भी पढ़ेंः#CoronaVirus: भारत के लिए एक अरब डॉलर के इमरजेंसी फंड को #WorldBank ने दी मंजूरी
पांच लोगों की खिलाफ केस
जयनगर थाना ने सीओ हेमराज खलखो के द्वारा दर्ज कराए गए प्राथमिकी में लिखा है, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार बाहर से आए संदिग्ध व्यक्तियों को कोरोना वायरस के फैलने से रोकने के लिए होम क्वॉरंटाइन करने का निर्देश दिया गया था. लेकिन गोहाल पंचायत के मकतपुर में गुरुवार को जांच के दौरान यह पाया गया कि इन लोगों के द्वारा होम क्वारेंटाइन का अनुपालन नहीं किया जा रहा है.
इसे लेकर जयनगर थाना पुलिस ने अहमद मियां,प्रदीप राणा,रामविलास पासवान,सचिन चौधरी और नितेश चौधरी के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 तथा भारतीय दंड विधान की धारा 188/ 269/ 270 के तहत गुरुवार की रात मामला दर्ज किया है.
इसे भी पढ़ेंः#Covid-19 की चपेट में अर्थव्यवस्थाः एडीबी ने भारत के GDP अनुमान को घटाकर चार फीसदी किया




