
New Delhi: कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर पुलिस ने शाहीन बाग से प्रदर्शनकारियों को हटाया. कोरोना वायरस खतरे के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने शाहीन बाग में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन पर बैठे लोगों को मंगलवार सुबह वहां से हटा दिया.
गौरतलब है कि महिला प्रदर्शनकारी सीएए के खिलाफ तीन माह से भी ज्यादा वक्त से शाहीन बाग में धरने पर बैठी थीं.
इसे भी पढ़ें- #CoronaVirus: भारत में 500 पॉजिटिव केस, 10 की मौत, 44 हुए ठीक
उखाड़े गये टेंट
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) आर पी मीणा ने कहा कि कोरोना वायरस प्रकोप के कारण लॉकडाउन (बंद) लागू किए जाने के बाद शाहीन बाग में प्रदर्शन स्थल को खाली करने का अनुरोध किया गया था.
अधिकारी के अनुसार जब प्रदर्शनकारियों ने जगह खाली करने से इनकार कर दिया तो कार्रवाई की गयी और प्रदर्शन स्थल खाली करा लिया गया. मंगलवार को शाहीन बाग में भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गयी.
इसी बीच प्रदर्शनकारियों के टेंट उखाड़े गये. साथ ही नोएडा-कालिंदी कुंज सड़क को भी खाली कराया गया है. शाहीन बाग खाली कराने के दौरान पुलिस ने 6 महिलाओं और 3 पुरुषों को हिरासत में लिया है. फिलहाल मौके पर भारी पुलिस फोर्स की तैनात है.
इसे भी पढ़ें- #Lockdown : परदेस से लौटे मजदूरों ने सुनायी आपबीती- चार दिनों तक भूखा रहकर हैदराबाद से पहुंचे धनबाद
देश में तेजी से बढ़ रहा कोरोना वायरस
कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के आंकड़े भारत में तेजी से बदल रहे हैं. अब यह आंकड़ा बढ़कर 500 हो गया है. जबकि अबतक इस भयावह बीमारी से 10 लोगों की मौत हो चुकी है वहीं 44 लोग ठीक होकर घर भी जा चुके हैं.
इस बढ़ते आंकड़ों को रोकने के लिए सरकार ने 30 राज्यों में लाॉकडाउन लागू कर दिया है. वहीं कई जिलों को भी लॉकडाउन किया जा चुका है. लोगों से घरों में ही रहने की अपील की जा रही है. ताकि कोरोना वायरस के पॉजिटिव केस में इजाफा न हो. लोग इसके संक्रमण से खुद भी बचें और देश को भी बचायें.




