
Ranchi: कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए छुट्टी पर गये पुलिसकर्मियों की छुट्टी दो सप्ताह के लिए बड़ दी गयी है, वहीं जो छुट्टी लेकर निकले नहीं हैं उन्हें निकलने से पहले अनुमति लेने को कहा गया है.
रांची पुलिस अधीक्षक ने जिले के पुलिस कर्मियों के लिए एक आदेश जारी किया है जिसमें कहा गया गया है कि जो पुलिसकर्मी और पुलिस पदाधिकारी अवकाश पर गये हैं उनका अवकाश दो सप्ताह के लिए बढ़ाया जाता है.
आदेश में यह भी है कि वैसे पुलिसकर्मी और पुलिस पदाधिकारी जो अवकाश में प्रस्थान नहीं किये हैं, वे उनकी (एसपी) की अनुमति के उपरांत ही छुट्टी पर रवाना होंगे.
इसे भी पढ़ें : कोरोना से लड़ने के लिए विधायकों ने पेश की अपने फंड की राशि, सांसद अन्नपूर्णा और निशिकांत ने की मदद
रांची पुलिस लोगों को घरों में रहने की दे रही हिदायत
कोरोना वायरस से निपटने के लिए सरकार द्वारा किये गये लॉकडाउन की घोषणा का झारखंड में लोग ठीक से पालन नहीं कर रहे हैं. लोग अपने घरों से बाहर घूम रहे हैं. सड़कों पर टहल रहे हैं. जनजीवन आम दिनों की तरह नजर आ रहा है.
इसे देखते हुए रांची पुलिस सड़क पर निकले लोगों को घरों में रहने की हिदायत दे रही है. बाहर निकले लोगों को घर भेजा जा रहा है. रांची ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहनों की जांच की जा रही है.
बेवजह सड़क पर गाड़ी लेकर निकलने वालों को हिदायत के साथ फाइन भी काटा जा रहा है. पुलिस द्वारा लॉकडाउन के बारे लोगों को बताया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : #LockdownNow : इस बार नहीं निकलेगी रामनवमी की शोभायात्रा, श्रीमहावीर मंडल ने कोरोना संकट को देखते हुए सभी कार्यक्रमों को स्थगित किया
सरकार ने पूरे झारखंड को किया है लॉक डाउन
राज्य सरकार ने पूरे झारखंड को लॉक डाउन कर दिया है. अगले 31 मार्च तक अब बिना सरकार के आदेश के जरूरी सेवाओं को छोड़कर आप कुछ भी चालू नहीं रहेगा.
इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ट्वीट कर कहा कि लॉकडाउन को अभी भी कई लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं. कृपया अपने आप को बचायें, अपने परिवार को बचायें, निर्देशों का गंभीरता से पालन करें.
उन्होंने कहा है कि राज्य सरकारों से मेरा अनुरोध है कि वो नियमों और कानूनों का पालन करवाएं.
बता दें कि राज्य सरकार ने कोरोना वायरस से बचाव को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए रविवार को 31 मार्च तक लॉक डाउन लागू कर दिया है. स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को देर शाम इस संबंध में अहम अधिसूचना जारी कर दी थी.
इसे भी पढ़ें : #MLA ढुल्लू महतो की जमानत याचिका पर सुनवाई से हाईकोर्ट के जज का इनकार




