
Palamu/Garhwa : पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले में जंगली कंदा खाने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी. जबकि एक जीवन और मौत के बीच झूल रहा है. घटना के बाद प्रभावित परिवार में चीख पुकार मची हुई है.
गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर प्रखंड क्षेत्र के कधवन गांव में घटना हुई. कंदा गेठी खाने से रामप्रीत भुईयां (70 वर्ष) एवं उसके भाई वृक्ष भुईयां की 65 वर्षीय पत्नी शांति देवी की मौत हो गयी. रामप्रीत भुईयां का 25 वर्षीय पुत्र उमेश भुईयां गंभीर रूप से बीमार है. उसका इलाज चल रहा है.
इसे भी पढ़ेंः कोर्ट के दखल दिहानी के आदेश के बाद भी आदिवासी जमीन पर दबंगों का कब्जा, दिव्यांग परिवार की हेमंत सोरेन से गुहार
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार तीनों ने सोमवार की रात में जंगल से लाये गये कुकुरवट नामक कंदा को पकाकर खाया था. खाने के बाद रात में ही अचानक तीनों की तबियत खराब हो गयी और उन्हें उल्टी दस्त होने लगा. तीनों को इलाज के लिये अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया.
जहां इलाज के बाद स्थिति में सुधार होने पर उसके परिजन घर ले गये. मंगलवार की शाम शांति देवी की तबियत अचानक पुनः खराब हो गयी. उसे तत्काल इलाज के लिये अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बुधवार की सुबह रामप्रीत भुईयां भी अचानक छटपटाने लगा.
आनन फानन में उसे भी अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिये सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया. गढ़वा जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. इलाज के बाद उमेश भुइयां की स्थिति में सुधार है.
इसे भी पढ़ेंः निर्मल हृदय में शिशुओं को बेचे जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड सरकार को नोटिस जारी किया




