
New Delhi : टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा रविवार को पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान चोटिल हो गये थे. रोहित को पिंडली में चोट लगी थी. इससे न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे और टेस्ट सीरीज से रोहित शर्मा बाहर हो गये हैं.
माउंट मोनगानुई में मैच के दौरान तेजी से एक रन लेने की कोशिश में रोहित की पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था और उन्हें 41 गेंद में 60 रन बनाने के बाद रिटायर्ड हर्ट होकर लौटना पड़ा था. भारत को बुधवार से तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेलनी है, जबकि इसके बाद दो टेस्ट की श्रृंखला होगी.
इसे भी पढ़ें – ऐसा झारखंड में ही संभव: सत्तापक्ष के 4 विधायकों ने MNREGA की सोशल ऑडिट रोकने की मांग की
फिजियो कर रही रोहित की चोट का आकलन
बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि रोहित दौरे से बाहर हो गये हैं. फिलहाल उसकी स्थिति अच्छी नहीं लग रही. फिजियो उसका आकलन कर रहा है. हमें बाद में पता चलेगा कि चोट की स्थिति क्या है, लेकिन वह श्रृंखला में आगे हिस्सा नहीं लेंगे.
भारत बुधवार से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला में हिस्सा लेगा, जबकि इसके बाद दो टेस्ट की श्रृंखला खेली जाएगी. रोहित के चोटिल होने के बाद मयंक अग्रवाल एकदिवसीय प्रारूप में रिजर्व सलामी बल्लेबाज के रूप में शामिल किये जा सकते हैं.
वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला में भी वह रिजर्व सलामी बल्लेबाज थे. न्यूजीलैंड ए के खिलाफ ए टीमों की मौजूदा अनौपचारिक टेस्ट की श्रृंखला में दोहरा शतक जड़ने वाले शुभमन गिल को भी टीम में शामिल किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें – गैर शैक्षणिक कार्यों में पूरे साल उलझे रहे शिक्षक, आधे-अधूरे सिलेबस पर प्राइमरी-मिडिल क्लास की होगी परीक्षा
चयन समिति जल्द करेगी वैकल्पिक खिलाड़ियों की घोषणा
एमएसके प्रसाद की अगुआई वाली चयन समिति वैकल्पिक खिलाड़ियों की घोषणा करेगी. लेकिन इसमें थोड़ा समय लग सकता है, क्योंकि चयन समिति के समन्वयक बीसीसीआई सचिव जय शाह कोषाध्यक्ष अरूण धूमल के साथ न्यूजीलैंड जा रहे हैं.
सूत्र ने बताया कि सचिव की स्वीकृति मिलने के बाद विकल्पों की घोषणा की जाएगी. टेस्ट मैचों में अनुभवी लोकेश राहुल को पारी का आगाज करने का मौका मिलेगा, जबकि रिजर्व सलामी बल्लेबाज के स्थान के लिए गिल और पृथ्वी साव का दावा होगा.
अभी यह पता नहीं चल पाया है कि रोहित की चोट कितनी गंभीर है. लेकिन मैच के दौरान जब फिजियो नितिन पटेल उनका उपचार कर रहे थे, तो वह काफी दर्द में दिख रहे थे. रोहित की चोट भारत के लिए बड़ा झटका है क्योंकि 2019 में सभी प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन करने वाला यह बल्लेबाज अच्छी लय में था.
रोहित शर्मा ने हाल में संपन्न पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में भारत की 5-0 की जीत के दौरान दो उम्दा पारियां खेलीं. रोहित ने सुपर ओवर में लगातार दो छक्कों के साथ भारत को जीत भी दिलायी.
इसे भी पढ़ें – साल 2016 और 2019 में एक बार भी नहीं हुई दिव्यांगता सलाहाकार बोर्ड की बैठक, सालाना होनी चाहिये दो मीटिंग




