
Kolkata: पश्चिम बंगाल कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय का घेराव करने की कोशिश की जिससे भाजपा दफ्तर के पास ढाई घंटे तक के लिए तनाव का माहौल बन गया था.
संशोधित नागरिकता अधिनियम, प्रस्तावित एनआरसी और एनपीआर के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस ने धर्मतल्ला से अपराह्न के समय रैली निकाली. इसकी अगुवानी वरिष्ठ विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अब्दुल मन्नान ने की.
धर्मतल्ला से कांग्रेस के कार्यकर्ता रैली के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार नारेबाजी करते हुए प्रदेश भाजपा मुख्यालय की ओर बढ़ रहे थे.
इधर पहले से सतर्क पुलिस ने मुरलीधर सेन लेन में स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर सेंट्रल एवेन्यू के पास ही तीन स्तरीय बैरिकेडिंग कर दी थी. सबसे पहले स्टील की बैरिकेडिंग लगायी गयी थी.
उसके बाद लाठीधारी पुलिस को तैनात किया गया था और उसके पीछे आवश्यकता पड़ने पर वाटर कैनन की भी तैनाती कर दी गयी थी. बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षा के लिए तैनात की गयी थीं.
इसे भी पढ़ें : #CNT-SPT आंदोलन और पत्थलगड़ी मामले में दर्ज सभी केस वापस होंगे, हेमंत कैबिनेट की पहली बैठक में फैसला
पुलिस ने बलपूर्वक रोकी रैली
सेंट्रल एवेन्यू में पुलिस ने बलपूर्वक कांग्रेस की रैली को रोक दिया जिसके बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी शुरू कर दी और वहीं धरने पर बैठ गये.
सेंट्रल एवेन्यू मेट्रो के ठीक पास ये लोग धरने पर बैठे थे जिसकी वजह से मेट्रो के यात्रियों को भी परेशानी हुई. कार्यकर्ताओं के हंगामे और नारेबाजी के कारण कई घंटे तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही.
इधर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में भी बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित हो गये थे. हालांकि पुलिस की सक्रियता की वजह से टकराव नहीं हो सका.
मौके पर पहुंचे प्रशासन के आला अधिकारियों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अब्दुल मन्नान से बातचीत की. उन्हें समझा-बुझाकर वापस लौटाया गया. इसके बाद धीरे-धीरे हालात सामान्य हुए.
इसके पहले भी इसी महीने में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालय के पास नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन की शुरुआत की थी जिसके कारण भाजपा कार्यकर्ताओं से टकराव भी हुआ था.
इसे भी पढ़ें : #HemantSoren ने झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ; रामेश्वर उरांव, आलमगीर व भोक्ता ने ली मंत्री पद की शपथ




