
New Delhi: शनिवार को कांग्रेस का 134वां स्थापना दिवस है. इस मौके पर पार्टी देश के अलग-अलग हिस्सों में ‘संविधान बचाओ, भारत बचाओ’ के संदेश के साथ फ्लैग मार्च निकालेगी.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी गुवाहाटी में मार्च की अगुआई करेंगे. वहीं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश के कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे.
सोनिया पार्टी मुख्यालय में करेंगी
ध्वजारोहण
सोनिया शनिवार सुबह पार्टी मुख्यालय में ध्वजारोहण करेंगी. बता दें कि कांग्रेस के स्थापना दिवस की वर्षगांठ पर दिल्ली और राज्यों में पार्टी के दफ्तरों में ध्वजारोहण की परंपरा रही है. वहीं राहुल गांधी गुवाहाटी में एक सभा को संबोधित करेंगे.
जबकि उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका लखनऊ में कांग्रेस स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगी. इसके अलावा वह प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ भी बैठक करेंगी. देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी अपने स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है.
CAA_NRC कापुरजोर विरोध
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी की ओर से देश भर में संविधान बचाओ, भारत बचाओ के संदेश के साथ फ्लैग मार्च निकाला जायेगा. इस दौरान होने वाली जनसभाओं में भारत के संविधान की प्रस्तावना भी संबंधित राज्य की भाषा में पढ़ी जाएगी..
CAA, NRC और NPR के मुद्दों को लेकर कांग्रेस एकबार फिर मोदी सरकार पर हमलावर है. पार्टी की ओर से कहा गया है कि जब-जब भारत के संविधान को चुनौती दी जायेगी और देश को प्रगति के पथ से उतारने का प्रयास होगा, तब तब कांग्रेस पुरजोर ढंग से आवाज उठायेगी.
बयान में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि “प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की ओर से अंधाधुंध हमले हो रहे हैं. कई जगहों पर पुलिस फायरिंग से लोगों की मौत की भी ख़बरें हैं. वहीं इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के अलग-अलग मौकों पर विरोधाभासी बयान सामने आए हैं. CAA में संविधान के अनुच्छेद 14 में प्रदत्त आश्वासनों के उल्लंघन वाले प्रावधान प्रस्तावित है. ये भारतीय संविधान की मूल भावना के खिलाफ है.”




