National

पहले फेसबुक पर हंगामा, अब ट्विटर के बायो से पंकजा मुंडे ने हटाया भाजपा का नाम

Aurangabad (Maharashtra): अपने फेसबुक पोस्ट से महाराष्ट्र बीजेपी की राजनीति में हलचल ला चुकी पंकजा मुंडे ने अब ट्विटर पर बदलाव किया है. भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने ट्विटर पर अपने बायो में से भाजपा का नाम हटा दिया है.

महाराष्ट्र में बदले राजनीतिक परिदृश्य की पृष्ठभूमि में पंकजा ने अपनी ‘भावी यात्रा’ के संबंध फेसबुक में पोस्ट किया था, जिससे अटकलों का बाजार गर्म हो गया है.

पंकजा ने 28 नवंबर को तीन ट्वीट किए थे जिनमें महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को बधाई दी थी लेकिन शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस की गठबंधन सरकार के बारे में कुछ नहीं लिखा था.

इसे भी पढ़ेंःओरमांझी में बस-जीप में भीषण टक्कर- पांच लोगों की मौत, आठ घायलों में से तीन की हालत नाजुक

राजनीतिक अटकलों को मिली हवा

गौरतलब है कि पंकजा ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा था कि वह आठ से 10 दिन में यह तय करेंगी कि उन्हें कौन से रास्ते जाना है. माना जा रहा है कि महाराष्ट्र बीजेपी के नेता और पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस से वो नाराज चल रही हैं.

सोमवार को पंकजा ने अपने ट्विटर बायो से सारी जानकारी हटा दी. इसमें उन्होंने भाजपा का नाम और अपने राजनीतिक सफर का विवरण भी हटा दिया. जिसके बाद से अटकलों को और हवा मिली है. माना जा रहा है कि वो शिवसेना में शामिल हो सकती हैं.

गौरतलब है कि राज्य विधानसभा चुनाव में वह बीड जिले की परली सीट से अपने चचेरे भाई और प्रतिद्वंद्वी राकांपा के धनंजय मुंडे से हार गई. पंकजा की बहन प्रीतम मुंडे बीड़ से भाजपा की सांसद हैं.

‘8-10 चिंतन करूंगी’

फेसबुक पोस्ट में पंकजा ने कहा था, ‘बदले राजनीतिक परिवेश में अपनी ताकत को समझना जरूरी है. मुझे 8-10 दिन तक कुछ चिंतन करना है और मैं 12 दिसंबर को आप सभी से मुलाकात करूंगी.यह हमारे नेता गोपीनाथ मुंडे जी का जन्मदिन है.

इसे भी पढ़ेंः#BJP MP अनंत हेगड़े का दावाः केंद्र के 40 हजार करोड़ लौटाने के लिए फडणवीस बने 80 घंटों के लिए CM

मैं अगले 8-10 दिन में मैं यह तय कर लूंगी कि मुझे आगे क्या करना है और कौन से रास्ते पर जाना है.’ बता दें कि पंकजा मुंडे को चुनाव में परली विधानसभा सीट चचेरे भाई धनंजय मुंडे से हार का सामना करना पड़ा था.

बीजेपी नेता गोपीनाथ मुंडे की बेटी पंकजा मुंडे देवेंद्र फडणवीस सरकार में मंत्री थीं. ठाकरे नीत सरकार के गठन से पहले तक वह राज्य भाजपा इकाई की कोर समिति की सभी बैठकों में मौजूद रहीं.

वहीं रविवार को फेसबुक की अपनी पोस्ट में पंकजा ने मराठी में लिखा, ‘‘राज्य में बदले राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए यह सोचने और निर्णय लेने की आवश्यकता है कि आगे क्या किया जाए. मुझे स्वयं से बात करने के लिए आठ से 10 दिन की आवश्यकता है. मौजूदा राजनीतिक बदलावों की पृष्ठभूमि में भावी यात्रा पर फैसला किए जाने की आवश्यकता है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब क्या करना है? कौन सा मार्ग चुनना है? हम लोगों को क्या दे सकते हैं? हमारी ताकत क्या है? लोगों की अपेक्षाएं क्या हैं? मैं इन सभी पहलुओं पर विचार करूंगी और आपके सामने 12 दिसंबर को आऊंगी.’’

पंकजा ने लिखा कि उन्होंने चुनाव में मिली हार स्वीकार कर ली है और वह हार-जीत में उलझने की जगह आगे बढ़ गई हैं. उन्होंने कहा, मैं पार्टी (भाजपा) की बैठकों में शामिल हुई थी.
उन्होंने अपने समर्थकों को अपने दिवंगत पिता एवं भाजपा के पूर्व नेता गोपीनाथ मुंडे की जयंती के मौके पर 12 दिसंबर को गोपीनाथगढ़ आने का न्योता दिया था. गोपीनाथगढ़ बीड जिले में गोपीनाथ मुंडे का स्मारक है.

इसे भी पढ़ेंःलोकसभा चुनाव में जिसने अर्जुन मुंडा को जिताने का काम किया, जेएमएम ने उसे ही बनाया उम्मीदवार : काली चरण मुंडा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button