
Ranchi: झारखंड पार्टी ने कुख्यात पूर्व नक्सली कुंदन पाहन का टिकट रद्द कर दिया है. बता दें कि रविवार को कभी हार्डकोर नक्सली रहे कुंदन पाहन को तमाड़ विधानसभा से झारखंड पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया था.
कुंदन पाहन सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करने वाले थे. लेकिन उसके पहले ही पार्टी ने कुंदन का टिकट रद्द कर दिया.
बताया जा रहा है कि पूर्व एडीजी रेजी डुंगडुंग के विरोध के बाद झारखंड पार्टी ने कुंदन पाहन का टिकट रद्द कर दिया है. अब कुंदन पाहन सोमवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में तमाड़ विधानसभा क्षेत्र से नामांकन करेंगे.
इसे भी पढ़ेंःदेश के 47वें #ChiefJusticeOfIndia के तौर पर न्यायाधीश अरविंद बोबडे ने ली शपथ
NIAकी विशेष अदालत ने दी थी चुनाव लड़ने की अनुमति
तमाड़ विधायक रमेश सिंह मुंडा की हत्या करने का आरोप में जेल में बंद पूर्व नक्सली कुंदन पाहन के चुनाव लड़ने पर एनआइए की विशेष अदालत ने 11 नवंबर इजाजत दे दी थी. बता दे कुंदन पाहन ने कोर्ट से चुनाव लडने की अनुमति मांगी थी.
कुंदन 128 गंभीर आपराधिक और नक्सल घटनाओं का आरोपी है. कुंदन पर सबसे ज्यादा 50 मामले खूंटी में दर्ज है. इसके अलावा रांची में 42, चाईबासा में 27, सरायकेला में 7 और गुमला में एक मामला दर्ज है.
14 मई 2017 को किया था सरेंडर
बता दें कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर 15 लाख के इनामी नक्सली कुंदन पाहन ने 14 मई 2017 को रांची में पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था. पुलिस पिछले कई वर्षों से कुंदन की तलाश में थी, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही थी.
कुंदन का आत्मसमर्पण करना पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि थी. आत्मसमर्पण के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच होटवार में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा स्थित सेल में रखा गया था. बाद में कुंदन पाहन द्वारा लगातार मांग किये जाने के बाद उसे हजारीबाग ओपन जेल शिफ्ट किया गया.
कुंदन पाहन का असली नाम बीर सिंह पाहन है
कुंदन पाहन का असली नाम बीर सिंह पाहन है. खूंटी ज़िले के अड़की प्रखंड के बारीगड़ा गांव का रहने वाले कुंदन ने पारिवारिक ज़मीन पर आपसी कलह के बाद हथियार उठा लिया था.
उसके दो भाइयों ने भी माओवादियों से हाथ मिला लिया था. हालांकि उसके एक भाई दिम्बा पाहन ने पहले ही आत्मसमर्पण कर दिया था, जबकि दूसरे भाई श्याम पाहन को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार किया था.
इसे भी पढ़ेंः#SaryuRoy के दावेदारी छोड़ने के बाद भाजपा ने की प्रत्याशी की घोषणा, जमशेदपुर पश्चिम से देवेंद्र सिंह होंगे उम्मीदवार




