
Palamu: पलामू में पिछले दो दिनों में हुई सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई है. रविवार की रात डालटनगंज-बेतला मुख्य पथ पर सतबरवा थाना क्षेत्र के भुसड़िया गांव में एक मोटरसाइकिल पेड़ से टकरा गई. इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई. तीनों युवक बरवाडीह जा रहे थे. मोटरसाइकिल चला रहे युवक समेत तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था.
जानकारी के अनुसार, मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के चियांकी भीमगड़ा निवासी राजेन्द्र भुइयां के मामा बरवाडीह अस्पताल में भर्ती हैं. राजेन्द्र अपने दो साथियों मिथुन भुइयां और रवि भुइयां के साथ रात करीब 8 बजे मोटरसाइकिल से बरवाडीह जा रहा था. चियांकी से 10 किलोमीटर आगे जाने पर बरवाडीह रोड में मोटरसाइकिल सड़क किनारे पेड़ से टकरा गयी. टक्कर इतना जोरदार था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गयी.
इसे भी पढ़ें – #Election में भागीदारी में आधी आबादी अब भी हाशिये पर, 2014 में 706 उम्मीदवारों में केवल 49 महिलाएं…
स्कॉर्पियो ऑटो की टक्कर में में एक की मौत
इधर, पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले में मेराल बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी. जिससे पहले से स्टैंड पर खड़ी दूसरी ऑटो में भी टक्कर होने से मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई. जबकि दो अन्य घायल हो गए. घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेराल भेज दिया गया है. घटना सोमवार की सुबह साढ़े सात बजे की है.
मेराल बस स्टैंड निवासी जोखू राम (50वर्ष) के शव के साथ परिजनों तथा आक्रोशित लोगों ने एनएच 39 को जाम कर दिया है. लोगों का कहना है कि स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से गढ़वा की तरफ जा रही थी. टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो तेज गति से गढ़वा की ओर भाग निकली.
घटना की खबर मिलते ही थाना प्रभारी रामेश्वर उपाध्याय दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया तथा टाउन थाना में फोन कर भाग रहे स्कॉर्पियो के पकड़ने के लिए सूचना दी.
इसे भी पढ़ें – #BokaroThermal : 6 साल से अटका है एडीएम भवन का निर्माण, जल्द पूरा कर हैंडओवर का निर्देश




