West Bengal

  #RoseValleyChitFundScam : आईपीएस दमयंती सेन को सीबीआई ने पूछताछ के लिए तलब किया

Kolkata :  मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से लोहा लेने वाली पश्चिम बंगाल की बहुचर्चित आईपीएस अधिकारी दमयंती सेन को अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रोजवैली चिटफंड घोटाला मामले में पूछताछ के लिए समन भेजा है . जांच एजेंसी के सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी है . सीबीआई द्वारा एक पत्र राज्य पुलिस महानिदेशक बीरेंद्र कुमार को भेजा गया है . इसमें दमयंती सेन को आगामी चार नवंबर को पूछताछ के लिए हाजिर होने को कहा गया है .

2010 में दमयंती कोलकाता पुलिस की‌ संयुक्त आयुक्त थी .

साल 2010 में दमयंती कोलकाता पुलिस की‌ संयुक्त आयुक्त थी . उस समय रोजवैली चिटफंड के खिलाफ उनके पास कई सारी शिकायतें दर्ज हुई थी . उसकी जांच उन्होंने खुद की थी और उसकी रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार के पास भेजी थी.

उन्होंने इसमें लिखा था कि रोजवैली चिटफंड  कंपनी बाजार से अवैध तरीके से रुपये उठा रही है . इसके खिलाफ कार्रवाई की जरूरत है . उसी के आधार पर राज्य सरकार ने जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था, जिसका मुखिया राजीव कुमार को बनाया गया था.

इसे भी पढ़ें: #Kolkata: शोभन चटर्जी की मुश्किलें बढ़ीं, सारदा मामले में भी पूछताछ

दमयंती को सीबीआई ने गवाह के तौर पर नोटिस भेजा है

अब दमयंती को सीबीआई ने गवाह के तौर पर नोटिस भेजा है . जान लें कि 2012 में पार्क स्ट्रीट में हुआ दुष्कर्म कांड बहुचर्चित रहा था. उस समय मुख्यमंत्री ने उस घटना को फर्जी करार दिया था. उस साय दमयंती सेन कोलकाता पुलिस की संयुक्त आयुक्त (अपराध) थी.  उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान के विपरीत अपराधियों को गिरफ्तार किया था .

दो महीने के भीतर इस मामले में चार्जशीट पेश की गयी थी. अपराधियों को सजा भी हो चुकी है. इस घटना के बाद दमयंती सेन का  कोलकाता पुलिस से हमेशा के लिए तबादला कर दिया गया था. सात साल बाद पिछले साल उन्हें कोलकाता पुलिस में ज्वाइंट कमिश्नर के पद पर भेजा गया है .

इसे भी पढ़ें:#Maharashtra  : #ShivSena ने  #BJP पर कसा शिकंजा, चाहिए ढाई-ढाई साल सीएम पद का लिखित आश्वासन

राज्य पुलिस महानिदेशक विरेंद्र कुमार को भी  बुलावा

सीबीआई ने कोलकाता पुलिस के पोर्ट प्रशासनिक विभाग के उपायुक्त वकार रजा को भी समन भेजा है . राज्य पुलिस महानिदेशक विरेंद्र कुमार को भी  चार नवंबर को पूछताछ के लिए हाजिर होने को कहा गया है . साल 2012 में वकार राज्य सीआईडी के स्पेशल सुपरिंटेंडेंट के पद पर तैनात थे . उस समय रोजवैली सहित कई अन्य चिटफंड कंपनियों के खिलाफ मिलने वाली शिकायतों की निगरानी सीआईडी ही करती थी . वकार ने चिटफंड मामलों को लेकर कस्टम अधिकारियों के साथ बैठक की थी .

उस बैठक में क्या कुछ हुआ था, इस बारे में पूछताछ करने के लिए गवाह के तौर पर उन्हें नोटिस भेजा गया है . सीबीआई सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इन दोनों अधिकारियों के अलावा सात अन्य अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है .

इसे भी पढ़ें: #Kurseong: : प्रशासनिक बैठक में सीएम #MamataBanerjee ने कहा, पहाड़ पर शांति नहीं है…

Related Articles

Back to top button