
Nadia : पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. ताजा घटना बुधवार सुबह नदिया जिले के कृष्णगंज क्षेत्र में घटी. यहां के हासखाली ब्लॉक-36 के दक्षिणपाड़ा दो नंबर अंचल में रहने वाले भाजपा के दो कार्यकर्ताओं के घरों में आग लगाने का मामला प्रकाश में आया है. बताया गया है मंगलवार देर रात सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों पर धावा बोल दिया. पहले घरों की दीवारें तोड़ी गईं, उसके बाद वहां के निवासियों को मारने-पीटने की कोशिश की गई.
जैसे-तैसे लोग वहां से अपनी जान बचाकर भागे जिसके बाद घरों में आग लगा दी गई. लोगों को डराने धमकाने के लिए क्षेत्र में कई राउंड फायरिंग भी की गयी है. इसकी सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गये, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो गए थे.
इसे भी पढ़ें: #Nobellaureate अभिजीत बनर्जी ने कहा, राष्ट्रवाद गरीबी जैसे मुद्दों से ध्यान भटका देता है…
भाजपा ने की दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग
बुधवार सुबह नदिया जिला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की. पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान उजागर नहीं की है. इधर जानकारी मिलने के बाद राणाघाट के भाजपा सांसद जगनाथ सरकार भी दोपहर मौके पर पहुंचे. उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी से मुलाकात की और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है.
भाजपा की ओर से चेतावनी दी गई है कि अगर जल्द से जल्द आरोपितों को नहीं पकड़ा गया तो पूरे जिले में यातायात अवरुद्ध कर दिया जायेगा. नदिया जिले में विगत 10 दिनों के अंदर भाजपा के तीन कार्यकर्ताओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई है.
इसे भी पढ़ें: #Kolkata: बंगाल के राज्यपाल ने राज्य सरकार पर लगाया कार्निवल में बुलाकर अपमानित करने का आरोप




