
New York: कश्मीर मसले पर पाकिस्तान हर मंच पर खुद ही अपनी किरकिरी करा रहा है. सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और पाकिस्तानी पीएम इमरान के बीच बैठक हुई. इसके बाद मीडिया से बात करते हुए कश्मीर मसले पर पाकिस्तानी पत्रकार के सवालों पर इमरान खान की किरकिरी हो गयी.
दरअसल, खान के साथ मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने बार-बार पाकिस्तानी पत्रकारों को झिड़का और एक बार तो एक पत्रकार से यह तक कह दिया कि क्या वह पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा है.
ट्रंप ने कश्मीर पर पाकिस्तानी पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में इमरान खान से पूछा, ‘‘आपको इन जैसे पत्रकार कहां से मिलते हैं.’’
इमरान के सामने मोदी की तारीफ
इमरान खान से मुलाकात के एक दिन पहले ही हाउडी मोदी कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच साझा किया है. वहीं इमरान खान से बैठक के बाद उनकी मौजूदगी में ही ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफ की.
इसे भी पढ़ेंः#UnitedNations : जलवायु परिवर्तन पर बोले #PMModi- अब बात नहीं काम करने का वक्त
ट्रंप ने खान की मौजूदगी में ‘हाउडी मोदी’ महारैली की प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का काफी आक्रामक बयान सुना. उन्होंने ह्यूस्टन में एनआरजी स्टेडियम में 50,000 लोगों के जनसमूह का जिक्र करते हुए कहा, ‘इसे वहां काफी अच्छा समर्थन मिला.’
ह्यूस्टन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच साझा किया था और आतंकवाद पर लड़ाई पर करीबी मित्रता तथा साझा दूरदृष्टि दर्शायी थी.
वहीं रविवार को रैली में मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का आह्वान करते हुए आतंकवाद का समर्थन करने पर पाकिस्तान पर निशाना साधा और कहा कि अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निरस्त करने के भारत के फैसले से उन लोगों को दिक्कत हुई जो अपने देश को नहीं संभाल सकते.
मैं मध्यस्थता के लिए तैयार- ट्रंप
अपने आप को बहुत अच्छा पंच बताते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान और भारत के बीच मध्यस्थता के लिए तैयार हैं, लेकिन दोनों पक्षों को इस पर सहमत होना होगा.
हालांकि, भारत का रुख है कि कश्मीर मुद्दा द्विपक्षीय है और किसी तीसरे पक्ष की इसमें कोई भूमिका नहीं है.
ट्रंप ने यहां संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ बैठक के दौरान ये टिप्पणियां की. इमरान खान ने कहा, ‘दुनिया में सबसे शक्तिशाली देश की जिम्मेदारी है.’’ साथ ही कश्मीर राग अलापते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि ‘कश्मीर में संकट बहुत बड़ा होने जा रहा है.’
उन्होंने ह्यूस्टन में ‘हाउडी मोदी’ रैली में भाग लेने के एक दिन बाद कहा, मैं मदद करने के लिए तैयार हूं, लेकिन ये भी बाच साफ कही कि ये तब ही होगा, जब इसके लिए दोनों देश सहमत होंगे.
इसे भी पढ़ेंः100 रुपये में #IAS बनाता है #UPSC, #Jharkhand में क्लर्क बनाने के लिए वसूले जा रहे एक हजार
मोदी-ट्रंप की मुलाकात का इंतजार कीजिए- विदेश मंत्रालय
कश्मीर पर ट्रंप की मध्यस्थता वाले बयान पर भारत के विदेश मंत्रालय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि हमें पीएम मोदी और यूएस प्रेसिडेंट की मुलाकात का भी इंतजार करना चाहिए.
गौरतलब है कि अपने आप को कश्मीरियों का दूत घोषित कर चुके खान ने रविवार को अमेरिकी सांसदों, विद्वानों, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और मीडिया को भारत द्वारा पांच अगस्त को जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने के नतीजों के बारे में बताया था.
उल्लेखनीय है कि ट्रंप और खान ने जुलाई में व्हाइट हाउस में बैठक की थी. दोनों के बीच उस भेंटवार्ता के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने कश्मीर मुद्दे के हल के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता की इच्छा प्रकट की थी. भारत ने उसे खारिज कर दिया था.
पिछले महीने फ्रांस में जी 7 सम्मेलन के मौके पर मोदी की ट्रंप के साथ बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने कश्मीर पर भारत और पाकिस्तान के बीच तीसरे पक्ष की मध्यस्थता की गुजाइंश से स्पष्ट रूप से इनकार किया था.
इसे भी पढ़ेंः# HowdyModi: अब ई-कॉमर्स में भी अमेरिकी कंपनियों का एकाधिकार होगा, करते रहिये विरोध, सुनेगा कौन…




