
NewDelhi : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आर्टिकल 370 हटाये जाने के बाद जम्मू-कश्मीर की स्थिति पर चिंता जताते हुए सोमवार को कहा कि आज जो कश्मीरियों के साथ हुआ है, वह कल हम सबके साथ होगा. अखिलेश ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में आर्टिकल 370 से जुड़े एक सवाल पर कहा, आज 20 दिन से ज्यादा हो गये, लोग घरों में कैद हैं.
पूछा कि पत्रकार हमें बतायें कि आखिर वहां क्या हो रहा है? अखिलेश ने कहा कि सरकार का इतना ही अच्छा फैसला था तो उसने इसे लेने से पहले लोगों से क्यों नहीं पूछा? कश्मीर के सूरत-ए-हाल को लेकर तंज करते हुए कहा, आर्टिकल 370 हटाने का मुद्दा भाजपा के घोषणापत्र में था. क्या (इसे हटाने को लेकर) वहां के लोगों में वही खुशी है जो उन्होंने सड़कों पर मनायी.
इसे भी पढ़ें – जानिये क्या कह रहे हैं भाजपा के दो फायरब्रांड सांसद…
आयकर विभाग का भय फैलाकर लोकतंत्र चला रहे हैं
जान लें कि आजमगढ़ से सांसद अखिलेश ने आर्टिकल 370 हटाये जाने के औचित्य पर लोकसभा में भी सवाल उठाये थे. साथ ही अखिलेश यादव भाजपा पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर विभाग की मदद से और भय फैलाकर लोकतंत्र चलाने का आरोप लगाया. संवाददाता सम्मेलन में भाजपा पर आरोप लगाया कि इस पार्टी के लोग ईडी, आयकर विभाग की मदद से और भय फैलाकर लोकतंत्र चलाना चाहते हैं. उन्होंने कहा भाजपा से सीखना होगा कि संस्थागत नियंत्रण कैसे होता है. पहले किसी भी सरकार ने ऐसा नहीं किया. ईडी, सीबीआई और डर… ये नये भारत का नया लोकतंत्र है.
बैंकों की हालत खराब है
उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने इन्वेस्टर्स समिट के जरिये रोजगार के 70 लाख अवसर मिलने की बात कही थी लेकिन सचाई यह है कि यहां कोई निवेश नहीं आने वाला है. उन्होंने कहा कि बैंकों की हालत खराब है और जब देश में ही निवेश नहीं आ रहा है तो उत्तर प्रदेश में कैसे आयेगा? सपा अध्यक्ष ने कहा कि कानून—व्यवस्था के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है. भाजपा सरकार के राज में हत्याएं, लूट, बलात्कार, फर्जी एनकाउंटर के मामले बढ़े हैं.
इसे भी पढ़ें – बुलंदशहर हिंसा: 7 आरोपी जमानत पर छूटे, जेल से निकलने पर फूल-मालाओं से हुआ स्वागत, सेल्फी ली, जय श्री राम के नारे लगे




