
New Delhi : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 75वीं जयंती पर मंगलवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. मोदी ने ट्वीट किया कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि.
कांग्रेस इस दिन को ‘सद्भावना दिवस’ के रूप में मनाती है. राजीव गांधी का जन्म 1944 में आज ही के दिन हुआ था.
इसे भी पढ़ें- जानें कौन है वो CCL अधिकारी आलोक कुमार, जिसने चामा में हाउसिंग कॉलोनी में जमीन कब्जा कर आदिवासियों को ठगा
राजीव गांधी की दूरदर्शी नीतियों से भारत के निर्माण में मिली मदद
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 75वीं जयंती पर मंगलवार को पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी.
राहुल गांधी ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शी नीतियों से भारत के निर्माण में मदद मिली. मुखर्जी, सोनिया, अंसारी, मनमोहन, राहुल, प्रियंका और कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राजीव गांधी की समाधि पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
इसे भी पढ़ें- मोदी-ट्रंप की बातचीत, उठाया भारत के खिलाफ इमरान की भड़काऊ टिप्पणियों का मुद्दा
क्या कहा राहुल ने
राहुल ने ट्वीट किया कि आज हम राजीव गांधी जी की 75वीं जयंती मना रहे हैं जो एक देशभक्त और दूरदर्शी व्यक्ति थे और जिनकी दूरदर्शी नीतियों ने भारत के निर्माण में मदद की.
उन्होंने कहा कि मेरे लिए वह एक बहुत प्यार करने वाले पिता थे जिन्होंने मुझे सिखाया कि कभी नफरत नहीं करो, माफ करो और सभी इंसानों से प्यार करो.
राजीव गांधी की 75वीं जयंती के मौके पर कांग्रेस पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है जिनमें बतौर प्रधानमंत्री राजीव गांधी के योगदान और उपलब्धियों का उल्लेख किया जायेगा.
अक्टूबर, 1984 से दिसंबर 1989 तक देश के प्रधानमंत्री रहे राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त, 1944 को हुआ था. वह 40 की उम्र में देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने.




