
Dhanbad: धनबाद में लगातार हो रही बारिश से एकबार फिर भू-धंसान हुआ है. सोमवार अहले सुबह मटकुरिया बीसीसीएल कॉलोनी घूर्णी जोरिया के पास अचानक जमीन धंस गई.
जिससे चंद्रिका पासवान नामक शख्स के घर के पास बड़ा-सा गोफ बन गया. गोफ के कारण आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है.
इसे भी पढ़ेंःधनबाद: महिला पारा शिक्षक की चाकू मारकर हत्या, बचाने की कोशिश में मां और भाई घायल
शनिवार को भी धंसी थी धरती
गौरतलब है कि बीसीसीएल के बस्ताकोला क्षेत्र के अग्नि प्रभावित घनुआडीह परियोजना के पास शनिवार को भी भू-धंसान की घटना हुई थी. लगातार हो रही बारिश ने इलाके के लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है.

हालात ऐसे हैं कि लोग ना तो घर में रह पा रहे हैं और ना घर के बाहर. क्योंकि एक तरफ बारिश आफत बरपा रही है तो दूसरी तरफ भू-धंसान का खतरा. बारिश के दिनों में
धनबाद या झरिया के लिए ये नयी बात नहीं है. हर बरसात में इसतरह से धरती के धंसने के कारण कई लोग घर से बेघर हो जाते हैं. कइयों की तो जान तक चली जाती है.
भू-धंसान की इन घटनाओं को लेकर बीसीसीएल प्रबंधन लापरवाह नजर आता है. भूमिगत आग प्रभावित इलाके के लोगों के पुनर्वास के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है. वहीं इस तरह की घटनाओं और पीड़ित परिवारों के लिए भी वैकल्पिक इंतजाम नहीं किये जा रहे.
स्थानीय लोगों में प्रबंधन के प्रति रोष है. लोगों का कहना है कि हादसा होने के बाद बीसीसीएल के अधिकारी मुआवजे से लोगों का दर्द खरीद लेते हैं. लेकिन उनके पुनर्वास की उचित कोशिश नहीं की जा रही है.
इसे भी पढ़ेंःचतराः हथियारबंद अपराधियों ने BOI से लूटे 23 लाख रुपये, राज्य में दो महीनों में 1.2 करोड़ की हो चुकी है लूट




