
Lucknow: राम जन्म भूमि के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ़ रामविलास वेदांती ने राम मंदिर को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अयोध्या में जहां राम लला विराजमान हैं, वहां दुनिया की कोई भी ताकत मस्जिद नहीं बनवा सकती.
शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान परस्त कुछ कट्टरपंथी ताकतें इस मामले को लटकाये रखना चाहती है. इसके जरिये वो देश का सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंःक्या रघुवर दास अब भी कहेंगे 14 सालों में कुछ नहीं हुआ
‘धमकी समझिये या सुझाव मंदिर तो वहीं बनेगा’
कार्यकारी अध्यक्ष वेदांती ने मंदिर विवाद पर बयान देते हुए से कहा, ‘अयोध्या में जहां राम लला विराजमान हैं, वहां दुनिया की कोई भी ताकत अब मस्जिद का निर्माण नहीं करा सकती.’ इस बयान पर जब उनसे यह पूछा गया कि यह धमकी है या सुझाव तो डॉ. वेदांती ने कबा, ‘चाहे धमकी समझिये या सुझाव…. किसी कीमत पर कोई भी, जहां राम लला विराजमान हैं, वहां मस्जिद का निर्माण नहीं किया जा सकता.’
पूर्व सांसद वेदांती ने कहा कि राम जन्म भूमि पर हुई खुदाई में 12 भगवानों की मूर्तियां निकलीं, जबकि मस्जिद संबंधी कोई प्रमाण नहीं मिला है.
उन्होंने कहा, “अयोध्या में मंदिर तोड़कर मस्जिद के गुंबद बनाये गये थे. जिस तरह पाकिस्तान और मलेशिया में काफी पहले तोड़े गए मंदिरों के स्थान पर फिर मंदिर बनवा दिए गए, वैसे ही भारत में क्यों नहीं हो सकता.”
‘80% मुसलमान चाहते हैं मंदिर बने’
पत्रकारों से बात करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष ने दावा किया कि देश के 80 फीसदी मुस्लिम भी चाहते हैं कि वहां राम मंदिर बने. उन्होंने कहा कि , ‘देश के 80 फीसदी मुसलमान इस विवाद के जल्द समाधान के पक्ष में हैं. वे भी जन्मभूमि पर राम मंदिर देखना चाहते हैं, लेकिन सुन्नी वक्फ बोर्ड इस मसले को उलझाए रखना चाहता है, जिससे देश के अमन चैन को नुकसान पहुंचाया जा सके.’
इसे भी पढ़ेंःपुलवामा हादसे को बीते 150 दिन, रघुवर दास ने किया था शहीदों के परिजनों को मदद का वादा, नहीं किया पूरा
उन्होंने कहा कि शिया वक्फ बोर्ड तो पहले ही इच्छा जता चुका है कि अयोध्या में मंदिर और लखनऊ के शिया बहुल इलाके में मस्जिद बनवा दी जाये. अयोध्या में जो कुछ है सब राम के नाम पर है, और पूरे अयोध्या में बाबर के नाम का ना तो कोई मोहल्ला है, ना गली है और ना ही कोई वार्ड है.
रामजन्म भूमि विवाद में रामविलास वेदांती ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि पाकिस्तान नहीं चाहता कि हमारे देश में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव रहे.
इसे भी पढ़ेंःदेश के कई हिस्सों में बारिश का कहरः यूपी में 15 लोगों की मौत, असम में बाढ से 8.5 लाख लोग प्रभावित




