
Mumbai: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े मानहानि के एक मामले में राहुल गांधी को मुंबई की एक कोर्ट ने गुरुवार को अग्रिम जमानत दे दी.
सुनवाई के दौरान राहुल गांधी ने खुद को निर्दोष बताया. गौरतलब है कि आरएसएस के एक कार्यकर्ता ने मानहानि का केस किया है.
राहुल ने खुद को बताया निर्दोष
मानहानि के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और माकपा महासचिव सीताराम येचुरी के खिलाफ मुकदमा चलेगा. दोनों ने इस मामले में स्वयं को निर्दोष बताया है.
इसे भी पढ़ेंःआक्रमण हो रहा है, मजा आ रहा, BJP के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई : राहुल गांधी
अदालत ने शिकायत पढ़ कर गांधी और येचुरी को सुनाया और पूछा कि क्या वे अपने खिलाफ लगे आरोपों को स्वीकार करते हैं या खुद को निर्दोष बताते हैं.
दोनों नेताओं ने स्वयं को निर्दोष बताया. अब दोनों के खिलाफ मुकदमा चलेगा. अदालत उनके, शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज करेगी.
मिली अग्रिम जमानत
अदालत ने 15-15 हजार रुपये के मुचलके पर गांधी और येचुरी को जमानत दे दी. और मुकदमे की सुनवाई के दौरान उपस्थिति से स्थायी छूट भी दी. कांग्रेस के पूर्व सांसद एकनाथ गायकवाड ने गांधी की जमानत दी.
इसे भी पढ़ेंःराहुल के इस्तीफे पर बोलीं बहन प्रियंका- आपके फैसले का दिल से सम्मान है
गांधी और येचुरी ने जरुरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और अदालत से रवाना हो गए. इससे पहले कांग्रेस नेता भारी सुरक्षा के बीच मझगांव-शिवड़ी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश हुए. उन्हें फरवरी में समन जारी किया गया था. येचुरी भी लगभग उसी वक्त अदालत पहुंचे.
गौरतलब है कि आरएसएस कार्यकर्ता धृतिमान जोशी ने पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या के मामले से संघ का नाम जोड़ने को लेकर दोनों नेताओं के खिलाफ मानहानि का मामला दायर किया था.
गांधी के वकील कुशल मोर ने कहा, ‘गांधी ने अपने खिलाफ जारी अदालती समन का सम्मान किया. उन्होंने स्वयं को निर्दोष बताया है जिसका मतलब है कि वह सुनवाई का सामना करेंगे. अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 22 सितंबर तय की है.’ जोशी ने 2017 में गांधी, येचुरी और सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी.
इसे भी पढ़ेंःमामला BJP MP समीर उरांव के भाई की जमीन खरीद का, LRDC मनोज रंजन व सीओ वंदना भारती की भूमिका संदिग्ध




