
Palamu : पलामू जिले की सड़कों पर चलना खतरे से खाली नहीं. यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और असमय लोग काल गाल में समा जा रहे हैं. जनवरी से मई माह के बीच जिले में 104 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं और इसमें 74 लोगों की मौत हो चुकी है. 92 जख्मी हुए हैं. ठोस प्रशासनिक कार्रवाई के अभाव में घटनाएं हो रही हैं. हालांकि प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर उचित कार्रवाई का दंभ भरता नजर आता है.
इसे भी पढ़ें – आयुष्मान भारतः झारखंड में 25 अस्पताल निलंबित, 20 को पेनाल्टी और दो को किया गया डीइंपैनल्ड
बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चालकों के कैंसिल होंगे लाइसेंस
शुक्रवार को जिले के प्रभारी उपायुक्त बिंदु माधव प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई. इसमें प्रभारी उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं के ग्राफ को देखकर नाराजगी जतायी. उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने और सुरक्षा के मानक की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया. बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को कैंसिल करने और 18 वर्ष से कम आयुवर्ग के बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर उनके अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा निजी वाहनों की व्यावसायिक इस्तेमाल करने पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया.
हिट एवं रन के 12 मामले
पीआईयू के सदस्य ने बताया कि जनवरी से मई माह में प्राथमिकी के आधार पर 104 सड़क दुर्घटनाएं हुई है, जिसमें 74 लोगों का निधन हुआ है, जबकि 92 लोग घायल हुए हैं. हिट एवं रन के 12 मामले आये थे, जिसमें 6 का निष्पादन कर लिया गया. आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने की वजह से 6 मामले लंबित हैं.
इसे भी पढ़ें – BBMKU : कब की जारी हो गयी मेरिट लिस्ट, अब तक एक भी एडमिशन नहीं
स्कूल-कालेजों में जागरुकता कार्यक्रम चलाने पर बल
प्रभारी उपायुक्त ने सड़क दुर्घटना वाले जगहों को शीघ्र चिन्हित कर आवश्यक चिन्ह का प्रदर्शित करने और लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया. उच्च विद्यालयों एवं महा विद्यालयों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरुकता अभियान चलाने, 18 वर्ष से कम आयुवर्ग के बच्चों को बाईक चलाकर स्कूल आने देने पर रोक लगाने, सभी स्कूलों प्रबंधनों को सड़क सुरक्षा को लेकर अपने-अपने स्कूलों में जागरुकता अभियान चलाने और 18 वर्ष से कम उर्म के बच्चों को बाईक चलाकर स्कूल नहीं आने देना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
जुर्माना लगाने का निदेश
वाहन चेकिंग अभियान चलाकर 18 वर्ष से कम आयुवर्ग के बच्चों को वाहन चलाने से रोकने, बिना हेलमेंट मोटरसाइकिल चलाने वाले, ओवर लोड और वाहन का सर्टिफिकेट व ड्राइविंग लाईसेंस के बिना वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया. वहीं स्कूलों में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष कक्षाएं चलाने एवं स्कूल में सड़क सुरक्षा के लिए नामित नोडल पदाधिकारी को सक्रिय करने का निर्देश दिया.
एंबुलेंस की त्वरित उपलब्धता पर बल
शहर के तीन कोनिया गैरेज के पास जाम की स्थिति को कम करने, अस्पताल में उपलब्ध एंबुलेंस और 108 नंबर की एंबुलेंस को और क्रियाशील करते हुए सड़क दुर्घटना वाले क्षेत्रों में उसका मूवमेंट कराने पर बल दिया गया. साथ ही सड़क दुर्घटना के बाद एंबुलेंस की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित कराने, घायलों के लिए ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए कॉलेज स्तर पर रक्तदान शिविर लगाकर रक्त संग्रह कराने का निर्णय हुआ.
एनएच-एसएच पर शार्ट टर्म एवं लांग टर्म मेजरमेंट रेक्टिफिकेशन
राष्ट्रीय उच्च मार्ग (एनएच-75) एवं (एनएच-98) का सॉर्ट टर्म एवं लांग टर्म मेजरमेंट रेक्टिफिकेशन तथा छतरपुर से हरिहरगंज तक सड़क निर्माण के अधूरे कार्य और राजकीय राजमार्ग (एसएच-10) डालटनगंज से पांकी में चिन्हित सात स्थानों पर शार्ट टर्म मेजरमेंट रेक्टिफिकेशन की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. नगर निगम क्षेत्र में वाहन पड़ाव क्षेत्र एवं पार्किंग स्थल तथा वाहन पड़ाव वर्जित क्षेत्र चिन्हित किये जाने एवं साईन बोर्ड लगाये जाने की प्रगति के बारे में जानकारी ली. साथ ही वाहन पड़ाव वर्जित क्षेत्र चिन्हित करने, साईन बोर्ड लगाने का निर्देश दिया. वहीं उत्पाद अधीक्षक द्वारा की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गयी.
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ केनेडी, अनुमंडल पदाधिकारी एनके गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी सह जिला सड़क सुरक्षा समिति के सचिव भागीरथ प्रसाद, सड़क सुरक्षा, डीएसपी भोला प्रसाद सिंह, उत्पाद अधीक्षक संजय श्रीवास्तव, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी बिजय कुमार ठाकुर, पत्रकार राणा अरुण सिंह, सतीश सुमन आदि मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें – सीएनटी एक्ट का उल्लंघन : कल्पना सोरेन के मामले की जांच का स्वागत, समीर उरांव व रामकुमार पाहन पर कब होगी कार्रवाई




